गंगा स्नान के दौरान दो छात्र डूबे, एक का शव बरामद; दूसरे की तलाश जारी
Prayagraj News - माघ मेला क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान दो छात्र डूब गए। स्थानीय लोगों और झूंसी पुलिस ने गोताखोरों के साथ मिलकर आदित्य पटेल का शव बरामद किया, लेकिन कार्तिक तिवारी का अभी तक पता नहीं चल सका। परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन जारी रखा।

माघ मेला क्षेत्र के पीपा पुल संख्या चार के समीप मंगलवार की दोपहर गंगा स्नान के दौरान दो छात्र डूब गए। उसके दो अन्य साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे। झूंसी पुलिस ने गोताखोरों की मदद से घंटों तलाश के बाद एक छात्र का शव बाहर निकलवाया, जबकि देर शाम तक दूसरे का पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी होते ही छात्रों के परिजनों में कोहराम मच गया। फूलपुर के पहसी गांव निवासी 15 वर्षीय आदित्य पटेल अपने मामा के घर कटका झूंसी में रहकर कक्षा आठवीं की पढ़ाई करता था।
वह मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पड़ोसी मित्र हाईस्कूल के छात्र 16 वर्षीय कार्तिक तिवारी और आठवीं के छात्र शिवम व सत्यम के साथ गंगा स्नान करने गए। नहाते समय आदित्य व कार्तिक गहरे पानी में डूबने लगे। शिवम व सत्यम ने बचाने की कोशिश की, लेकिन बहाव तेज होने के कारण असफल रहे। शोर मचाने पर स्थानीय लोग एकत्र हो गए और परिजनों को सूचना दी गई। झूंसी थाना पुलिस भी गोताखोरों की टीम के साथ पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आदित्य पटेल का शव पीपा पुल संख्या तीन के पास बरामद किया गया।
परिजनों के करुण क्रंदन और आग्रह पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम के शव सौंप दिया। वहीं देर शाम तक सर्च ऑपरेशन के बाद भी कार्तिक की तलाश पूरी नहीं हो सकी। कार्तिक के पिता अजय की पहले ही मौत हो चुकी है। मां रेनू और उसकी दो बहनें, एक भाई घाट पर ही टकटकी लगाए बैठे रहे। चारों लड़कों में गहरी दोस्ती थी। नई झूंसी चौकी प्रभारी हरिशंकर मिश्रा ने बताया कि जल पुलिस व एसडीआरएफ की मदद से बुधवार सुबह फिर से कार्तिक की तलाश की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


