
पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती की मौत
Prayagraj News - सरायममरेज थाना क्षेत्र में एक दुखद दुर्घटना में बाइक सवार दंपती की तेज रफ्तार पिकअप से टक्कर में मौत हो गई। रज्जाबली और उनकी पत्नी अनिशा अपने बेटे की ससुराल जा रहे थे जब यह हादसा हुआ। पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
सरायममरेज थाना क्षेत्र के नेवादा पेट्रोल पंप के समीप रविवार की दोपहर तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। बाइक सवार दंपती ऑटो को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही पिकअप की चपेट में आ गए थे। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया। फूलपुर थाना क्षेत्र दीवानगंज सलमापुर निवासी 52 वर्षीय रज्जाबली उर्फ घुट्टू परचून की दुकान से परिवार का जीविकोपार्जन करते थे। परिवार में 48 वर्षीय पत्नी अनिशा बानो के अलावा पांच बेटे व एक बेटी है। इसमें तीन संतान की शादी हो चुकी है। रज्जाबली रविवार की दोपहर लगभग तीन बजे बाइक से पत्नी अनिशा के साथ अपने बेटे की ससुराल दुर्गागंज में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

रास्ते में बरना से जंघई जाने वाले मार्ग पर नेवादा पेट्रोल पंप के समीप आगे चल रही ऑटो को ओवरटेक करने लगे। इसी बीच अचानक सामने से तेज रफ्तार पिकअप आ गई। पिकअप से बाइक की सीधी टक्कर हो गई और दंपती पिकअप के नीचे आ गए। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमॉर्टम को भेजकर परिजनों को सूचना दी। हादसे में माता-पिता की मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस मृतक के परिजनों की तहरीर पर पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




