फाफामऊ पुल मरम्मत, भीषण जाम में घंटों परेशान हो रहे लोग
Prayagraj News - प्रयागराज के फाफामऊ पुल पर 10 सितंबर से मरम्मत कार्य चल रहा है, जिससे केवल दोपहिया वाहनों को ही आवागमन की अनुमति है। पुल पर भीषण जाम के कारण 10 मिनट का रास्ता पार करने में एक घंटे का समय लग रहा है।...
प्रयागराज। फाफामऊ पुल का दस सितंबर से मरम्मत कार्य चल रहा है। सिर्फ दोपहिया वाहनों को ही पुल से आवागमन की छूट दी गई है। हालांकि पुल से गुरजना आसान नहीं है। प्रतिदिन सुबह और शाम मात्र एक किमी पुल को पार करने में लोगों को भीषण जाम की दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। फाफामऊ पुल के दोनों छोर पर भीषण जाम की वजह से दस मिनट का रास्ता पार करने में एक घंटे का समय लग रहा है। फाफमऊ पुल की मरम्मत की वजह से बैरिकेडिंग के बीच कम जगह होने से सुबह लगभग साढ़े नौ बजे दोपहिया वाहनों का जाम लग गए।
यातायात पुलिसकर्मियों की संख्या फाफामऊ पुल पर अपेक्षाकृत कम होने से जाम विकट हो गया है। पहले निकलने के चक्कर में एकबारगी आवागमन पूरी तरह ठप हो जाती है। पुल पर मंगलवार की सुबह भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यातायात पुलिस की अतिरिक्त टीम ने पहुंचकर एक घंटे के अथक प्रयास कर आवागमन सुचारू कराया। जाम की हालत देखकर फाफामऊ से शहर की ओर आ रहे काफी संख्या में लोग वापस अपने घरों को लौट गए। जाम की वजह से पुल से गुजरने वाले छात्र, अधिवक्ता और सरकारी व निजी कर्मचारियों को विलंब से पहुंचना पड़ा। उधर, एडीसीपी यातायात कुलदीप सिंह ने बताया कि पुल पर दोपहिया वाहन को छूट दी गई है। लेकिन, कम जगह होने के बावजूद सुबह पहले निकलने की होड़ की वजह से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




