जंक्शन पर सिविल लाइंस साइड से प्रवेश बंद होने से परेशान हुए यात्री

Jan 02, 2026 09:25 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

Prayagraj News - प्रयागराज जंक्शन पर पौष पूर्णिमा स्नान पर्व के लिए यातायात व्यवस्था में समस्या आई। सिविल लाइंस साइड से यात्रियों के प्रवेश पर रोक लगाई गई, जिससे उन्हें सिटी साइड से स्टेशन पहुंचना पड़ा। यात्रियों ने व्यवस्था पर सवाल उठाए, जबकि सिविल लाइंस साइड केवल निकासी के लिए खोली गई थी।

जंक्शन पर सिविल लाइंस साइड से प्रवेश बंद होने से परेशान हुए यात्री

माघ मेला के पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा को लेकर प्रयागराज जंक्शन पर की गई यातायात व्यवस्था यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई। शुक्रवार सुबह से ही जंक्शन के सिविल लाइंस साइड से यात्रियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को अनावश्यक घूमकर सिटी साइड से स्टेशन पहुंचना पड़ा। सुबह करीब आठ बजे जैसे ही सिविल लाइंस साइड के दोनों प्रवेश द्वार बंद किए गए वैसे ही यात्रियों की भीड़ वहां एकत्र होने लगी। यात्रियों का कहना था कि जब स्टेशन परिसर में भीड़ नहीं है तब भी नो इंट्री लागू करना समझ से परे है।

जंक्शन पर व्यवस्था के तहत यात्रियों को सिटी साइड से ही प्रवेश दिया गया, जबकि सिविल लाइंस साइड को केवल निकासी के लिए खोला गया। सिविल लाइंस साइड से प्रवेश न मिलने के कारण दिन भर यात्रियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच बहस होती रही। यात्रियों का कहना था कि हर बार स्नान पर्व के नाम पर एकतरफा व्यवस्था लागू कर दी जाती है, जबकि वास्तविक भीड़ की स्थिति को नहीं देखा जाता। जंक्शन पर यात्रियों को सिटी साइड से ही प्रवेश दिया जाता रहा। अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों को रूटवार बनाए गए यात्री आश्रय स्थलों से प्रवेश कराया गया, जबकि आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को मुख्य गेट से अंदर जाने दिया गया। दोपहर के समय भीड़ कम होने पर कुछ देर के लिए मुख्य गेट से अनारक्षित यात्रियों को भी प्रवेश मिला, लेकिन सिविल लाइंस साइड की नो इंट्री पूरे दिन बनी रही।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।