
अतीक के करीबी जैद पर शिकंजा! सात लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज
संक्षेप: Prayagraj News - प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के करीबी मोहम्मद जैद खालिद समेत सात लोगों पर एटीएस और ईवीएम गोदाम की जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि इन लोगों ने सार्वजनिक रास्ते और...
गैंगस्टर अतीक अहमद के करीबी रहे मोहम्मद जैद खालिद समेत सात लोगों पर आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और ईवीएम गोदाम की जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों ने जमीन को रिश्तेदार समेत अन्य लोगों को बेच दी। सदर तहसील के लेखपाल सुधीर कुमार की तहरीर पर पूरामुफ्ती थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद जैद खालिद समेत सात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रसूलपुर-काशीपुर, उपरहार गांव में सार्वजनिक रास्ते और नाले की जमीन पर मोहम्मद जैद खालिद समेत अन्य ने कब्जा कर रखा है। आरोप है कि एटीएस की जमीन पर रास्ता बनाकर प्लॉटिंग साइट से जोड़ दिया गया है। इसके अलावा ईवीएम की जमीन को भी जैद खालिद, उसके भाई जसीम अहमद के साथ राहिल सिद्दीकी, महमूद अख्तर, अबू जैद, दिलशाद व धीरेंद्र प्रताप सिंह ने प्लॉटिंग करना शुरू कर दिया।
जांच रिपोर्ट में बताया गया कि जैद ने रसूलपुर-काशीपुर गांव में करीब 0.38 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी, लेकिन उसने 0.48 हेक्टेयर जमीन बेच दी है। आरोप है कि जैद ने पीडीए से भी कोई आदेश नहीं लिया था। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद तहसील प्रशासन की जांच में मामला सामने आया है। थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




