Prayagraj News: करोड़ों की ठगी का आरोपी शिक्षक निलंबित
Prayagraj News: प्रयागराज में, सहायक अध्यापक सतीश चंद्र यादव को तीन महीने में पैसे दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। विद्यालय में उनके अनुपस्थिति और धोखाधड़ी को लेकर अभिभावकों की शिकायतें बढ़ रही थीं। उनका स्कूल जाना बच्चों के लिए खतरा बन गया है।

Prayagraj News: प्रयागराज। तीन महीने में पैसे दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले परिषदीय शिक्षक को बीएसए अनिल कुमार ने निलंबित कर दिया है। खंड शिक्षा अधिकारी होलागढ़ ने एक सितंबर 2026 को बीएसए को सूचित किया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरबनारा के इंचार्ज प्रधानाध्यापक अजय कुमार मिश्र ने शिकायत की है कि विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक सतीश चन्द्र यादव नौ मार्च से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित चल रहे है। उनके संबंध में कुछ बाहरी लोग विद्यालय में आकर पूछताछ करते हैं और बताते हैं कि उन्होंने तीन माह में पैसे दोगुने करने का लालच देकर करोड़ों रुपये डकार लिया है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया है कि सतीश ने गांरटी के तौर पर चेक भी काटकर दिया था परन्तु समय पूरा होने पर भुगतान न होने के कारण चेक बाउंस हो गया। यही नहीं ठगी का शिकार लोग आए दिन विद्यालय में हंगामा करते हैं जिसके कारण पठन-पाठन बुरी तरह प्रभावित होता है। इधर कुछ दिनों से निजी बैंकों के कर्मचारी चार पहिया वाहन से विद्यालय आकर इनके विषय में पूछताछ करते है। बैंककर्मियों ने बताया कि सतीश ने लोन लिया है जिसे जमा नहीं कर रहे हैं। आए दिन विद्यालय में इस तरह गतिविधि से बच्चों में डर व्याप्त हो जाता है और वह स्कूल से भाग जाते है।इंचार्ज प्रधानाध्यापक का कहना है कि शिक्षक सतीश चंद्र यादव के नहीं आने के कारण विद्यालय एकल हो गया है जिसका असर भी पठन-पाठन पर पड़ रहा है। शत-प्रतिशत विकलांग होने के कारण इंचार्ज प्रधानाध्यापक को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावक बार-बार एक और अध्यापक की व्यवस्था करने को कहते हैं ताकि बच्चों का पठन-पाठन सुचारू हो सके। गंभीर शिकायतों पर बीएसए ने सतीश चन्द्र यादव को निलंबित करते हुए कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी उरूवा से संबद्ध किया है। शिकायतों की जांच की जिम्मेदारी बीईओ उरूवा को दी गई है।


