
ननद ने भाभी की मौत पर जताया संदेह, दर्ज कराया मुकदमा
Prayagraj News - प्रयागराज में सुषमा उपाध्याय ने अपनी भाभी माया मुक्ति उपाध्याय की संदिग्ध मौत पर अतरसुइया थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने भाभी के नौकर कमलाकांत दुबे पर जालसाजी, लाखों के जेवरात बेचने और बैंक खाते से पैसे निकालने का आरोप लगाया है। सुषमा को संदेह है कि उनकी भाभी की हत्या संपत्ति के लिए की गई है।
प्रयागराज, संवाददाता। साउथ मलाका निवासी एक महिला ने अपनी भाभी की मौत पर संदेह जताते हुए अतरसुइया थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने भाभी के नौकर पर जालसाजी कर मकान हड़पने, लाखों के जेवरात बेचने और बैंक खाते से रुपए निकालने के आरोप लगाए हैं। साउथ मलाका निवासी सुषमा उपाध्याय पत्नी राकेश उपाध्याय की तहरीर के मुताबिक उनकी भाभी माया मुक्ति उपाध्याय की मौत बीते जनवरी माह में हुई थी। उनके घर में रहने वाले नौकर कमलाकांत दुबे ने घर में आग लगने की बात कही थी। उसने बिना किसी परिवारीजन को बताए उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।

जानकारी होने पर वह लोग मिलने पहुंचे तो कमलाकांत ने संक्रमण की बात कहकर मिलने पर रोक लगाई। उनकी मृत्यु के उपरांत उनके खाते से पांच लाख रुपए निकाले गए। घर में रखे 20-25 लाख के गहने बेच दिए गए। इतना ही नहीं कमलाकांत ने अपने नाम की फर्जी वसीयत बनवा ली। उसने घर खाली करने के लिए डराया-धमकाया। सुषमा को संदेह है कि उनकी भाभी की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि संपत्ति के लिए उनकी हत्या की गई है। प्रभारी निरीक्षक अतरसुइया संजय द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


