
बिरादर यम्मा-यम्मा’ से बॉलीवुड में छाए प्रयागराज के सुमंतो
Prayagraj News - प्रयागराज के भास्कर मुखर्जी के बेटे सुमंतो मुखर्जी ने पार्श्व गायक के रूप में पहचान बनाई है। उनकी गाई हुई फिल्म 'इक्कीस' का गीत 'बिरादर यम्मा-यम्मा' दर्शकों को पसंद आया है। उन्होंने पहले 'परम सुंदरी' फिल्म में भी गाया था। सुमंतो का कहना है कि उन्हें गायिकी का शौक बचपन से था।
प्रयागराज। शाहगंज बारवारी के मुख्य सलाहकार भास्कर मुखर्जी के छोटे बेटे सुमंतो मुखर्जी ने पार्श्व गायक के रूप में तेजी से अपनी पहचान बनाई है। अभिनेता धर्मेंद्र के जीवन की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ में सुमंतो का गाया हुआ गीत ‘बिरादर यम्मा-यम्मा, इधर परवानों की टोली किधर है शम्मा शम्मा’ दर्शकों के बीच खूब पसंद किया जा रहा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से वर्ष 2016 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सुमंतो मुंबई में रहने वाले अपने बड़े भाई सुब्रतो मुखर्जी के पास चले गए थे, जो 10 वर्षों से फिल्म निर्माण के क्षेत्र से जुड़े हैं। सुमंतो को गायक के रूप में पहला बड़ा ब्रेक अगस्त 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘परम सुंदरी’ में मिला था।
इस फिल्म के टाइटल सांग ‘क्या उत्तर क्या दक्षिण यारों दिल के कारोबार में, हुक्का पानी लेकर पड़ गए सुंदरी के प्यार में’ से उन्होंने अपने सुरों की छाप छोड़ी थी। इनका दूसरा गीत ‘बिरादर यम्मा-यम्मा’ है। जिसे अगस्त्य नंदा व जयदीप अहलावत अभिनीत फिल्म इक्कीस में उन्होंने गाया है। हिन्दुस्तान अखबार से बातचीत में सुमंतो ने बताया कि मुझे बचपन से ही गायिकी का शौक था। मात-पिता के आशीर्वाद और प्रेरणा से बॉलीवुड में अपनी प्रतिभा की बदौलत काम मिल रहा है। नए साल के अवसर पर यह फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इसके लिए जयदीप अहलावत सर ने सबसे पहले मुझे बधाई दी थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




