प्रतियोगी छात्र से नौकरी के नाम पर पांच लाख की ठगी
Prayagraj News - एक प्रतियोगी छात्र अभय राज गौतम से नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठगे गए। आरोपी दंपती ने दो लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन बाकी पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। जार्जटाउन पुलिस ने आरोपी दंपती और चार अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

प्रतियोगी छात्र को नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी दंपती ने दो लाख रुपये तो वापस कर दिए, लेकिन शेष पांच लाख रुपये मांगने पर खुद को जौनपुर के कुख्यात शूटर मुन्ना बजरंगी का रिश्तेदार बताकर जान से मारने तक की धमकी दी। छात्र अभय राज गौतम की तहरीर पर जार्जटाउन पुलिस ने दंपती के खिलाफ नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मध्य प्रदेश में रीवा के अंतरैला बसरेही निवासी अभय राज गौतम की तहरीर के मुताबिक, वह जार्जटाउन में किराए का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है।
आरोप है कि कुलभूषण मिश्रा ने सरकारी विभाग में नौकरी और ठेका दिलवाने का झांसा देकर सात लाख रुपये लिया। अभय राज ने अपने रिश्तेदार से पांच प्रतिशत ब्याज पर सात लाख रुपये लेकर दिया था। लेकिन, काफी समय बीतने के बाद भी न तो नौकरी और नहीं ठेका दिलाया। कई बार मांगने पर दो लाख रुपये नकदी वापस दिया। जबकि, दो व तीन लाख रुपये के दोनों चेक बाउंस हो गए। आरोप है कि कुलभूषण मिश्रा की पत्नी प्रियंका सिंह ने खुद को कुख्यात शूटर मुन्ना बजरंगी का रिश्तेदार बताते हुए रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि तीन-चार अज्ञात लोग पिस्टल दिखाकर डराते धमकाते हैं। जार्जटाउन पुलिस कुलभूषण मिश्रा, उसकी पत्नी प्रियंका सिंह और चार अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


