
पिता के मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए चार महीने से चक्कर काट रहा बेटा
Prayagraj News - यशार्थ केसरवानी पिछले साल सितंबर से अपने पिता शम्मी नारंग का मृत्यु प्रमाणपत्र लेने के लिए नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं। चार महीने बीत चुके हैं लेकिन प्रमाणपत्र नहीं मिला। अपर नगर आयुक्त ने तकनीकी कारण बताकर प्रमाणपत्र जारी करने का आश्वासन दिया। इस वजह से उनकी माता को फैमिली पेंशन नहीं मिल रही है।
लूकरगंज के यशार्थ केसरवानी पिछले साल सितंबर से पिता शम्मी नारंग का मृत्यु प्रमाणपत्र लेने के लिए नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं। एक जोन से दूसरे जोन कार्यालय जाने के बाद भी मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं मिला तो यशार्थ मंगलवार को नगर निगम के संभव जनसुनवाई में पहुंचे और अपनी पीड़ा सुनाई। यशार्थ ने अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार शुक्ला को बताया कि उनके पिता पूर्व फुटबाल खिलाड़ी शम्मी नारंग की मृत्यु ईसीसी में वेटरन फुटबाल मैच खेलने के दौरान 31 अगस्त को हुई। रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। अब नगर निगम उनके पिता की मृत्यु का प्रमाण मांग रहा है।
जोन एक खुल्दाबाद कार्यालय गए तो जोन दो मुट्ठीगंज कार्यालय भेजा गया। वहां से जोन तीन कटरा कार्यालय भेजा गया। इसी प्रकार एक जोन से दूसरे जोनल कार्यालय के चक्कर लगाते सवा चार महीने बीत गए। अपर नगर आयुक्त ने यशार्थ की पीड़ा सुनने के बाद जनसुनवाई मौजूद जोनल अधिकारियों से बात की तो सभी ने मृत्यु प्रमाणपत्र जारी नहीं होने के पीछे तकनीकी कारण बताया। अपर नगर आयुक्त ने साफ कहा कि किसी भी व्यवस्था के तहत पूर्व फुटबाल खिलाड़ी का मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करें। अपर नगर आयुक्त से मिलने के बाद पूर्व क्रिकेटर गिरधारी मिश्रा के साथ कार्यालय से बाहर आए यशार्थ ने बताया कि अब मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए जोन चार अल्लापुर कार्यालय जाने के लिए कहा गया है। यशार्थ के मुताबिक उनके पिता बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हुए। मृत्यु प्रमाणपत्र के अभाव में उनकी माता को फैमिली पेंशन नहीं मिल पा रही है। प्रतिमा की पेंटिंग के लिए महीनों से लगा रहे गुहार मम्फोर्डगंज में एक चौराहे पर स्थापित राम अधार यादव की प्रतिमा की पेंटिंग के लिए उनके परिवार के लोग महीनों से नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं। नगर निगम से प्रतिमा की पेंटिंग के लिए अनुमति भी मिल गई है, लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया। बाबा राम अधार यादव स्मारक समिति के एक प्रतिनिधि ने मंगलवार को फिर जनसुनवाई में पेंटिंग की गुहार लगाई। इस बार भी प्रतिमा की पेंटिंग कराने का आश्वासन दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




