
नकल की तो भविष्य की भर्तियों से वंचित करेगा एसएससी
Prayagraj News - कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने परीक्षाओं में नकल पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। किसी भी अनुचित गतिविधि में लिप्त पाए जाने पर अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन रद्द किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा...
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने अपनी परीक्षाओं में नकल आदि अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए अभ्यर्थियों को सख्त चेतावनी दी है। कहा है कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि में लिप्त पाए जाने पर न केवल अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन रद्द किया जाएगा, बल्कि उसे भविष्य की परीक्षाओं से भी वंचित किया जाएगा। इसके साथ ही, ऐसे मामलों में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने चेतावनी दी है कि कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं में धोखाधड़ी रोकने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का सहारा लिया जा रहा है। परीक्षा के कंप्यूटर सिस्टम को दूर से नियंत्रित करने की कोशिश को उन्नत तकनीक के माध्यम से पकड़ा जा रहा है।

पंजीकरण के समय आधार सत्यापन, बायोमीट्रिक्स और चेहरे की पहचान के लिए तकनीक का सहारा ले रहे हैं। परीक्षा के दौरान अदला-बदली की कोशिश, चिट पास करने या बाहरी सहायता लेने वालों की सीसीटीवी कैमरे और एआई विश्लेषण प्रणाली से निगरानी की जा रही है। आयोग ने साफ किया है कि कई बार तकनीकी निगरानी के माध्यम से किसी अभ्यर्थी की अनुचित गतिविधि पकड़े जाने पर परीक्षा के दौरान कोई व्यवधान नहीं डाला जाता, ताकि अन्य ईमानदार अभ्यर्थियों को परेशानी न हो। हालांकि बाद में इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर संबंधित उम्मीदवार का स्कोर रद्द कर दिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों को नकल का दोषी पाया गया है, उनकी सूची आयोग की अधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक की जा चुकी है और भविष्य में भी की जाती रहेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




