साउथ मलाका हत्याकांड : वर्षों के पारिवारिक और संपत्ति विवाद का खौफनाक अंत

हिन्दुस्तान, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

शहर के साउथ मलाका में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का खुलासा होने के बाद सामने आई कहानी रिश्तों के बिखराव, संपत्ति विवाद और लालच की भयावह तस्वीर

साउथ मलाका हत्याकांड : वर्षों के पारिवारिक और संपत्ति विवाद का खौफनाक अंत

प्रयागराज, प्रदीप शर्मा। शहर के साउथ मलाका में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का खुलासा होने के बाद सामने आई कहानी रिश्तों के बिखराव, संपत्ति विवाद और लालच की भयावह तस्वीर पेश करती है। वर्षों से परिवार के भीतर सुलग रहे विवाद ने आखिरकार ऐसा खौफनाक रूप लिया जिससे पूरा परिवार उजड़ गया और साजिश रचने वाला बेटा भी अपनी जान से हाथ धो बैठा।स्थानीय लोगों और पुलिस जांच के मुताबिक, कारोबारी वीरेंद्र वैश्य ने अपने दोनों बेटों को अलग-अलग समय पर संपत्ति से बेदखल कर दिया था। बड़ा बेटा अश्वनी करीब दस वर्ष पहले ही परिवार से अलग कर दिया गया था।

उसके प्रेम विवाह और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने की वजह से परिवार ने उससे दूरी बना ली थी। इसके बाद वर्ष 2022 में छोटे बेटे अभिषेक को भी संपत्ति से बेदखल कर दिया गया। हालांकि उसे मकान के भूतल की मार्केट में एक दुकान दी गई थी, जहां वह लिक्विड डिटर्जेंट और टॉयलेट क्लीनर का कारोबार करता था। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि अविवाहित बेटी मीनाक्षी परिवार के साथ रहती थी और नीचे गिफ्ट कॉर्नर की दुकान संभालती थी। माता-पिता का झुकाव बेटी की ओर अधिक होने और दोनों बेटों से लगातार बढ़ती दूरी ने परिवार में रिश्तों की खाई को और गहरा कर दिया था। यही वजह थी कि संपत्ति को लेकर विवाद समय के साथ कटुता में बदलता गया।अभिषेक भारी कर्ज में डूबा हुआ था। उसने कई लोगों से उधार ले रखा था और हाल के दिनों में लेनदारों से उसका विवाद भी हुआ था। बताया जा रहा है कि उसने कुछ दिन पहले अपने दोस्त सनी गुप्ता से भी 50 हजार रुपये की मांग की थी। आर्थिक तंगी और पिता से नाराजगी ने उसे ऐसा खतरनाक कदम उठाने के लिए उकसाया, जिसकी कीमत पूरे परिवार को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। रिश्तेदारों का कहना है कि वीरेंद्र वैश्य स्वभाव से बेहद सीमित दायरे में रहने वाले व्यक्ति थे और पारिवारिक मामलों में किसी रिश्तेदार का हस्तक्षेप पसंद नहीं करते थे। परिवार के भीतर बढ़ती खाई को समय रहते कोई भर नहीं सका और अंततः यह विवाद चार हत्याओं की भयावह घटना में बदल गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।