चायल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर जानलेवा हमला

चायल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर जानलेवा हमला

संक्षेप:

Prayagraj News - प्रयागराज के पीपल गांव में पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनू कुमार पर जानलेवा हमला हुआ है। जमीन पर कब्जे के विवाद के चलते यह हमला किया गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद सोनू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।...

Sep 14, 2025 10:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपल गांव में रविवार को चायल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनू कुमार पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया। सिर पर चोट लगने से गंभीर रूप से घायल सोनू कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के पीछे जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर बताया जा रहा है। आरोप है कि माफिया अतीक के करीबियों ने हमला किया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कौशाम्बी के कोइलहा गांव निवासी सोनू कुमार की एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपल गांव में जमीन है। जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

आरोप है कि कुछ लोग रविवार को जमीन पर अवैध रूप से निर्माण करा रहे थे। इसकी जानकारी होने पर सोनू कुमार ने पुलिस को शिकायत की, लेकिन मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। सोनू कुमार जब जमीन पर निर्माण रुकवाने पहुंचे, तो आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लामबंद होकर हमला बोल दिया। लाठी डंडे व लोहे की रॉड से सिर व हाथ पर हमले से सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले। आनन-फानन में घायल सोनू को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। एयरपोर्ट थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने पर घायल सोनू कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।