पोस्टपेड कनेक्शन होते ही जमा करनी होगी सिक्योरिटी मनी
Prayagraj News - प्रयागराज में स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड व्यवस्था में बदलते ही उपभोक्ताओं को सिक्योरिटी मनी जमा करनी होगी। बिजली विभाग ने यह राशि चार किस्तों में वसूलने का फैसला किया है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सिक्योरिटी मनी की राशि कनेक्शन की श्रेणी और लोड के अनुसार निर्धारित की जाएगी।

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को दोबारा पोस्टपेड व्यवस्था में बदलते ही उपभोक्ताओं को सिक्योरिटी मनी जमा करनी होगी। हालांकि, बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए यह राशि एकमुश्त लेने के बजाय चार मासिक किस्तों में वसूलने का फैसला किया है। पहली किस्त 10 जुलाई को जारी होने वाले बिजली बिल में जुड़कर आएगी, जबकि अंतिम किस्त अक्तूबर के बिल में ली जाएगी。
सिक्योरिटी मनी का विवरण
दरअसल, जब पहले पोस्टपेड कनेक्शनों को स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बदला गया था, तब उपभोक्ताओं की जमा सिक्योरिटी मनी वापस कर दी गई थी। यह रकम सीधे उनके बिजली उपभोग बैलेंस और रिचार्ज में समायोजित कर दी गई थी। अब चूंकि कनेक्शन फिर से पोस्टपेड मोड में बदले जा रहे हैं, इसलिए विभाग दोबारा सिक्योरिटी मनी जमा करा रहा है। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार सिक्योरिटी मनी उपभोक्ता की अपनी जमा राशि होती है, जिसे केवल एक बार लिया जाता है। कनेक्शन स्थायी रूप से बंद कराने या अंतिम बिल बनने पर यह राशि समायोजित अथवा वापस कर दी जाती है। इसलिए इसे अतिरिक्त शुल्क नहीं माना जाएगा।
श्रेणी और लोड के हिसाब से तय होगी राशि
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए दो किलोवाट तक के कनेक्शन पर 300 रुपये प्रति किलोवाट सिक्योरिटी मनी निर्धारित है। वहीं तीन किलोवाट और उससे अधिक लोड वाले घरेलू कनेक्शनों पर 400 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से राशि जमा करनी होगी। उदाहरण के तौर पर यदि किसी उपभोक्ता का दो किलोवाट का घरेलू कनेक्शन है तो उसे कुल 600 रुपये सिक्योरिटी मनी देनी होगी। यह रकम चार किस्तों में ली जाएगी, यानी हर महीने 150 रुपये बिजली बिल में जोड़े जाएंगे। इसी तरह तीन किलोवाट पर 1200 रुपये, चार किलोवाट पर 1600 रुपये और पांच किलोवाट पर 2000 रुपये सिक्योरिटी मनी बनेगी। कॉमर्शियल कनेक्शनों के लिए दरें और अधिक हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


