Prayagraj News: वृंदावन के प्रेम मंदिर सरीखा होगा शाहगंज का पंडाल
Prayagraj News: प्रयागराज के शाहगंज बारवारी ने 103वें दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारी शुरू की है। पंडाल का थीम 'प्रेम मंदिर' रखा गया है, जिसे कोलकाता के कारीगरों द्वारा तैयार किया जा रहा है। पूजा का शुभारंभ 14 अक्तूबर को 11 फीट ऊँची मां दुर्गा की मूर्ति के साथ होगा।
Prayagraj News: प्रयागराज। शाहगंज बारवारी इस बार 103वें वर्ष का दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजित करने जा रही है। कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार दुबे व सलाहकार भाष्कर मुखर्जी ने चार महीने पहले पंडाल की थीम ‘प्रेम मंदिर’ रखने का निर्णय लिया था। इसके लिए वृंदावन के प्रेम मंदिर सरीखा पंडाल कोलकाता के एक दर्जन कारीगरों के जरिए तैयार कराया जा रहा है। शाहगंज स्थित दुर्गा पूजा पार्क में चार सितंबर से पूजा पंडाल का कार्य चल रहा है। 50 फीट की ऊंचाई के पंडाल में अभी बल्लियों का ढांचे का काम पूरा किया गया है। दो अक्तूबर से प्लाई व बीट का कार्य कराया जाएगा और उसके साथ-साथ गोल्डन रंग की साजसज्जा की जाएगी।
पूरे पंडाल की सफेद लाइटिंग करवाई जाएगी। पार्क में प्रवेश करने से पहले मुख्य द्वार पर बड़ा तोरण द्वार बनवाया जाएगा। जिस पर रंगबिरंगी लाइटिंग होगी।साथ ही लेजर लाइटिंग के जरिए मां दुर्गा का चित्रण किया जाएगा। पंडाल में मां दुर्गा की 11 फीट ऊंची मूर्ति 14 अक्तूबर को रखी जाएगी। मां दुर्गा के अस्त्र-शस्त्र व साजसज्जा के आभूषण कोलकाता से मंगवाए गए हैं। बारवारी के सलाहकार भाष्कर मुखर्जी ने बताया कि महोत्सव के दौरान मां दुर्गा का पूजन-अर्चन करने के लिए कोलकाता से पुरोहित आएंगे और ढाक बजाने के लिए चार कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।


