सुबह की ट्रेनें दोपहर में पहुंची, खाने-पीने के लिए भी हुए परेशान

Jan 18, 2026 02:57 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

Prayagraj News - घने कोहरे के कारण शनिवार को ट्रेनों में देरी बढ़ गई। यात्रियों ने विभिन्न अधिकारियों को सोशल मीडिया पर शिकायतें भेजीं, क्योंकि कई ट्रेनें घंटों लेट थीं। प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, और वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों ने यात्रियों को परेशानी में डाला। पेंट्रीकार न होने से खाने-पीने की समस्या भी बढ़ गई।

सुबह की ट्रेनें दोपहर में पहुंची, खाने-पीने के लिए भी हुए परेशान

घने कोहरे के कारण शनिवार को ट्रेनों की लेटलतीफी इस कदर बढ़ गई कि बिना पेंट्रीकार वाली ट्रेनों में यात्रियों का सब्र जवाब दे गया। हालात ऐसे बने कि परेशान यात्रियों ने प्रयागराज डीआरएम रजनीश अग्रवाल से लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिकायतें भेजीं। यात्री अविनाश त्रिपाठी ने लिखा कि पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 7 घंटे 45 मिनट लेट चल रही है, जबकि उनकी भुवनेश्वर की कनेक्टिंग फ्लाइट है। वहीं एक छात्र ने लिखा कि वह आनंद विहार–पटना एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा है और उनकी एसएससी की मुख्य परीक्षा है, कहीं परीक्षा न छूट जाए।

वहीं बनारस सुपरफास्ट में सफर कर रहे शकील ने शिकायत दर्ज कराई कि ट्रेन 7 घंटे से अधिक लेट है और इस ट्रेन में पेंट्रीकार न होने से खाने-पीने की भारी समस्या हो रही है। शनिवार को नई दिल्ली से प्रयागराज आने वाली लगभग सभी ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। प्रयागराज एक्सप्रेस 5 घंटे 21 मिनट की देरी से दोपहर 12:15 बजे सूबेदारगंज स्टेशन पहुंची। हमसफर एक्सप्रेस 6 घंटे 15 मिनट, जबकि नई दिल्ली से आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 3 घंटे 30 मिनट देरी से प्रयागराज जंक्शन पहुंची। आगरा वंदे भारत ढाई घंटे लेट रही, जबकि बनारस से आगरा जाने वाली वंदे भारत 40 मिनट रीशेड्यूल के कारण प्रभावित हुई। इसके अलावा शिवगंगा एक्सप्रेस तीन घंटे, नेताजी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, कालिंदी एक्सप्रेस 6 घंटे 45 मिनट और हावड़ा से आने वाली विभूति एक्सप्रेस 3 घंटे 30 मिनट की देरी से रामबाग स्टेशन पहुंची। मौनी अमावस्या स्नान के लिए प्रयागराज आ रहे श्रद्धालुओं को ट्रेनों की देरी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।