आंधी से खंभों पर गिरे पेड़, उड़ी बिजली

Newswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

Prayagraj News - बुधवार शाम आंधी के कारण प्रयागराज में ज्यादातर क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। दर्जनों पेड़ गिरने से बिजली के खंभे टूट गए और कई इलाकों में चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीण इलाकों में 400 पोल गिर गए, जिससे कई ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। बिजली आपूर्ति सामान्य होने में समय लग सकता है।

आंधी से खंभों पर गिरे पेड़, उड़ी बिजली

आंधी शुरू होते ही बुधवार शाम करीब पांच बजे शहर के ज्यादातर हिस्सों की बिजली गुल हो गई। दर्जनों पेड़ और डालियां गिरने से बिजली के खंभे टूट गए और तार क्षतिग्रस्त हो गए। शाम पांच से रात आठ बजे तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। कुछ पॉश इलाकों में वैकल्पिक लाइन से डेढ़ से दो घंटे के भीतर बिजली बहाल कर दी गई, जबकि अन्य मोहल्लों में चार घंटे बाद भी आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। शाम के समय बिजली न आने से लोगों को पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ा। अशोक नगर में 11 हजार लाइन के खंभे पर पेड़ गिरने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। राजरूपपुर के नंदगांव में बिजली का खंभा टूटने से शाम साढ़े चार बजे से देर रात तक बिजली और पानी की समस्या बनी रही। सदर बाजार में पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। टैगोर टाउन उपकेंद्र की 11 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली बाधित हुई। मिंटो पार्क से ब्रेकडाउन होने पर तेलियरगंज से सप्लाई देकर व्यवस्था संभाली गई। चर्चलेन और छोटा बघाड़ा में भी पेड़ गिरने से बिजली गुल रही। बेली उपकेंद्र क्षेत्र में ब्लड बैंक वाली गली में बड़ा पेड़ गिरने से एलटी लाइन टूट गई, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ और घंटों जाम लगा रहा। बाइबिल मिशनरी परिसर में पेड़ गिरने से एलटी तार टूट गया। लाला लाजपत राय रोड पर पेड़ की डाल गिरने से एलटी केबल और पोल क्षतिग्रस्त हो गए। कुलभास्कर डिग्री कॉलेज के पास भी पेड़ की डाल गिरने से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। दारागंज के बक्शी बांध क्षेत्र में पेड़ गिरने से घंटों बिजली गुल रही। पुराने शहर में अजंता टॉकीज के पास पिलर गिरने से बिजली का तार टूट गया और इलाके में अंधेरा छा गया। प्रीतमनगर के दुर्गा पार्क और कबीर फीडर क्षेत्र में भी पेड़ गिरने से दो से तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बमरौली के लाल बिहारा-मनौरी फीडर में रात साढ़े आठ बजे तक बिजली नहीं आने से लोग परेशान रहे.

शंकरढाल पर आंधी से बिजली पोल पर गिरे पेड़

नैनी। आंधी के कारण नैनी बाजार में दुकानों और शोरूम के बाहर लगे पीवीसी और एसीपी डिजाइन उखड़ गए। शंकरढाल क्षेत्र में 11 हजार लाइन पर यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया, जिससे दो बिजली पोल टेढ़े हो गए और इंसुलेटर समेत अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। इसके कारण नैनी बाजार, शंकरढाल, भटाही समेत दर्जनों मोहल्लों के सैकड़ों घरों में छह घंटे से अधिक समय तक अंधेरा छाया रहा। विद्युत विभाग ने रात आठ बजे तक पीएसी कॉलोनी की बिजली बहाल कर दी, लेकिन नैनी बाजार में देर रात तक सप्लाई शुरू नहीं हो सकी। अरैल बांध रोड पर भी गुलमोहर का पेड़ स्ट्रीट लाइट के तारों पर गिरने से यातायात प्रभावित रहा.

Voice of UP

कल्याणी देवी पार्क में फुंका ट्रांसफार्मर

प्रयागराज। कल्याणी देवी पार्क में ट्रांसफार्मर फुंक जाने से स्थानीय लोग बुधवार को दिनभर बिजली और पानी के लिए परेशान रहे। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। बुधवार सुबह विभागीय टीम मौके पर पहुंची, लेकिन नया ट्रांसफार्मर लगाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। देर शाम नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इससे पूर्व हर्षवर्धन नगर में मंगलवार रात पेटी कटने से अंधेरा छा गया था। सुबह मरम्मत के बाद 11 बजे फिर ब्लॉक लेने से दोपहर एक बजे तक बिजली गुल रही। वहीं, दरियाबाद में अंडरग्राउंड केबल जलने से कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही.

ग्रामीण इलाके में 400 पोल गिरे, दर्जनों ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता।

आंधी का असर शहर से ज्यादा ग्रामीण इलाकों में देखने को मिला। सैकड़ों बिजली के खंभे टूट गए और कई ट्रांसफार्मर गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए। सैकड़ों गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। ट्रांसफार्मर टूटने से गुरुवार तक बिजली आपूर्ति सामान्य होने की संभावना है.

गंगापार के अधीक्षण अभियंता सौरभ गौतम ने बताया कि आंधी के कारण करीब 350 पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 10 और 25 केवीए क्षमता वाले 25 ट्रांसफार्मर गिर गए। इसके कारण सैकड़ों गांवों में अंधेरा छा गया। सिर्फ थरवई इलाके में ही करीब 40 बिजली पोल गिरने की जानकारी मिली है.

यमुनापार के अधीक्षण अभियंता लोकेश चंद्र ने बताया कि आंधी के बाद 17 बिजली उपकेंद्रों से आपूर्ति बाधित रही। नैनी, रीवा रोड और पीपलगांव क्षेत्र में बिजली बहाल कर दी गई है, लेकिन रात नौ बजे तक मांडा, मेजा और बारा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। यहां कई जगहों पर बिजली के खंभे टूट गए हैं.

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

आंधी के कारण बिजली आपूर्ति कब बाधित हुई?
बुधवार शाम करीब पांच बजे आंधी शुरू होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।