आधे घंटे की आंधी में 21 की मौत, पांच घायल
Prayagraj News - प्रयागराज में बुधवार शाम आई आंधी में 21 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है और मृतकों के परिवारों को मुआवजा दिया जा रहा है। इस आंधी में 20 पशुओं की भी हानि हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की कमी से घायलों की संख्या अधिक होने का अनुमान है।

प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। बुधवार शाम आए आधे घंटे की आंधी में मरने वालों की संख्या 21 हो गई है। जानमाल की हानि के बाद प्रशासनिक अमला अब राहत और बचाव कार्य में जुटा है। सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर उनके आश्रितों को मुआवजा राशि दिलाई जा रही है। प्रशासनिक दावा है कि इस आंधी में 20 पशु हानि और पांच लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि प्रशासन उनकी जानकारी दे रहा है, जो उसके पास आए हैं, जिन्होंने अस्पतालों में पहुंचकर खुद इलाज कराया, उनकी संख्या इससे कहीं अधिक होने का अनुमान है।बुधवार शाम आई आंधी और तेज हवा में काफी जानमाल का नुकसान हुआ है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व व प्रभारी प्राकृतिक आपदा मामला ने बताया कि मरने वालों में कुतुबुद्दीनपुर फूलपुर की 30 वर्षीय सविता, छह वर्षीय अनुपम, घरमपुर फूलपुर के 60 वर्षीय सदानंद, लिखैया फूलपुर के दिनेश कुमार, जगदीशपुर सोरांव के सत्यम, सेरावां सोरांव की 32 वर्षीय संगीता, खिजिरपुर सोरांव के 24 वर्षीय इंदू पटेल, कटरा दयाराम के 55 वर्षीय रियासत अली, सेरावां की 32 वर्षीय आशा देवी, बकचुंदा मेजा की गुड़िया दुबे, भसुंदर मेजा की रीता देवी, चिलबिला मेजा के 12 वर्षीय अंश, मसौरा नरोत्तम मेजा का सात वर्षीय आदित्य, बघेड़ी हंडिया का बाउल, छतौना हंडिया की अनीता, नाहरपुर हंडिया से दुर्गा भारतीय, देवदहना हंडिया से अंजनी, खखैचा हंडिया के लालजी, सिरौथा हंडिया की राजदेवी, मंदिर हंडिया के झिंगरी और सदर तहसील कैलाशपुरी के सुमित यादव शामिल हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि सभी का पोस्टमार्टम कराकर उनका मुआवजा दिलाया जा रहा है। आपदा में मौत पर चार-चार लाख रुपये मुआवजा राशि दी जाती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


