चोरी हुआ ठेला खोजा, चोर को पकड़ा
फास्ट फूड बेचकर रोजी-रोटी चलाने वाले छोटू की सिविल लाइंस से ठेला चोरी हो गया। उसने पुलिस से शिकायत की लेकिन गरीब की किसी ने न सुनी। छोटू भी हार...

फास्ट फूड बेचकर रोजी-रोटी चलाने वाले छोटू की सिविल लाइंस से ठेला चोरी हो गया। उसने पुलिस से शिकायत की लेकिन गरीब की किसी ने न सुनी। छोटू भी हार नहीं माना। पूर्व पार्षद वीरेंद्र सोनकर की मदद से उसने खुद ही चोर को ढूंढ निकाला। आईट्रिपलसी कैमरे की मदद से न केवल चोर मिला बल्कि ठेला भी बरामद हुआ। सिविल लाइंस पुलिस मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई कर रही है।
सिविल लाइंस पीवीआर के पास छोटू रहता है। वह सिविल लाइंस में फास्ट फूड बना कर बेचता है। उसने ठेले पर 50000 रुपये खर्च किया था। शनिवार की रात ठेला किसी ने चोरी कर लिया।
रविवार को जानकारी हुई तो वह परेशान हो गया। थाने से मदद ना मिलने पर वह पूर्व पार्षद वीरेंद्र सोनकर के साथ आईट्रिपलसी कंट्रोल रूम में गए। वहां से पता चला कि रविवार तड़के 3:00 बजे बुलेट से दो लड़के पहुंचे थे। एक लड़का छोटू का ठेला लेकर चल दिया। फुटेज की मदद से चोर का पीछा किया गया। लोकेशन मिलती गई और उसी आधार पर वीरेंद्र सोनकर अपने अन्य साथियों के साथ मुट्ठीगंज पहुंच गए। वहां पर एक घर के बाहर ठेला मिला। रविवार रात में मुट्ठीगंज पुलिस भी पहुंच गई। चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। ठेला भी बरामद हुआ। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी का कहना है कि उसने चोरी नहीं की है। उसके घर के बाहर ठेला खड़ा किया गया था।
