Prayagraj News: ग्राहक सेवा केंद्र में लूट की कोशिश
Prayagraj News: होलागढ़ के नेवादा-चांटी रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र में सोमवार शाम लूट की कोशिश की गई। आरोपी युवक ने ग्राहक सेवा केंद्र में घुसकर पैसे निकालने के बहाने हमला किया, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी परमानंद का चचेरा भाई है और दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है।

Prayagraj News: होलागढ़। होलागढ़ थानाक्षेत्र के नेवादा-चांटी रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र में सोमवार शाम लूट की कोशिश हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है। होलागढ़ के देवराज का पुरा निवासी परमानंद मिश्रा घर से करीब तीन किलोमीटर दूर नेवादा-चांटी रोड पर ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। उन्होंने बताया कि शाम करीब सात बजे हेलमेट लगाए एक युवक पैसे निकालने के बहाने केंद्र में आया और बैग से चापड़ निकालकर उनकी गर्दन पर रख दिया। दोनों के बीच हाथापाई हुई तो वह बाहर भागे और शटर बाहर से बंद कर दिया।
आरोपी ने भी शटर में अंदर से लॉक लगा लिया और दराज में रखी नकदी बैग में भर ली। परमानंद की सूचना पर थाना प्रभारी सतीश कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। आरोपी के शटर नहीं खोलने पर पुलिस ने शटर तोड़कर उसे बाहर निकाला। हेलमेट हटाने पर आरोपी परमानंद का चचेरा भाई निकला। उसके पिता पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त दरोगा हैं। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थाना प्रभारी सतीश कुमार के मुताबिक आरोपी युवक और परमानंद के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है और आरोपी की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है।


