Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsRobbery at Former Student Leader s Flat 40 Lakhs Worth Stolen in Allahabad
पूर्व महामंत्री के फ्लैट पर चोरों का धावा, 40 लाख की नकदी-जेवरात पर हाथ साफ

पूर्व महामंत्री के फ्लैट पर चोरों का धावा, 40 लाख की नकदी-जेवरात पर हाथ साफ

संक्षेप:

Prayagraj News - इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ महामंत्री निर्भय द्विवेदी के फ्लैट से 40 लाख रुपये की चोरी हुई है। चोरों ने गेट फांदकर लाखों के आभूषण और कार चुरा ली। सीसीटीवी में चोरों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस ने दो चोरों और एक चोर के पिता को हिरासत में लिया है।

Dec 07, 2025 10:11 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री निर्भय द्विवेदी के अल्लापुर स्थित फ्लैट में लगभग 40 लाख रुपये की चोरी की वारदात सामने आई है। गेट फांदकर घुसे चोर लाखों के आभूषण, महंगे ब्रांड की घड़ी और कार ले गए। पूर्व महामंत्री ने जार्जटाउन थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। चोर पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। बाघंबरी गद्दी निवासी निर्भय द्विवेदी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह शुक्रवार की रात लगभग एक बजे शादी समारोह से लौटे तो पटेल चौराहा के पास स्थित किराये वाले फ्लैट में रुक गए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

लगभग 110 ग्राम सोने की जंजीर, सोने में बनी मूंगे की अंगूठी, रॉडो घड़ी, बीस हजार रुपये और कार की चाबी आलमारी में रख कर सो गए। सुबह लगभग आठ बजे सोकर उठे तो आलमारी में रखा सारा सामान गायब था। नीचे जाकर देखा तो कार भी नहीं थी। चोर लगभग 40 लाख की संपत्ति ले गए हैं। उन्होंने बताया कि पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में सुबह लगभग पौने छह बजे तीन लड़के दिख रहे हैं। वह गेट फांदकर फ्लैट में घुसते और लगभग 20 मिनट बाद कार लेकर जाते दिख रहे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी को सच मानें तो तीनों चोरों की पहचान कर ली गई है। पुलिस दो चोरों को और एक चोर के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पकड़े गए चोरों के पास से छात्र नेता की कार भी बरामद कर ली गई है। थाना प्रभारी जार्जटाउन ने बताया कि वारदात से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।