
गांव-गांव रोजगार मेला: यूपी रोडवेज संविदा चालकों की भर्ती के लिए खुद पहुंचा ग्रामीण इलाकों में
Prayagraj News - प्रयागराज में रोडवेज ने ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार मेले लगाने की पहल शुरू की है। इस अभियान के तहत लगभग 250 संविदा चालकों की भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन और दस्तावेजों का सत्यापन मौके पर ही किया जाएगा। न्यूनतम आठवीं पास, 23 से 58 वर्ष की आयु और भारी वाहन लाइसेंस जरूरी है।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। रोडवेज ने ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए गांव-गांव रोजगार मेला लगाने की पहल शुरू की है। इसके तहत संविदा आधार पर बस चालकों की भर्ती की जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार के अनुसार इस अभियान के माध्यम से लगभग 250 संविदा चालकों का चयन किया जाएगा। इस भर्ती अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि युवाओं को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। रोडवेज प्रशासन स्वयं बस स्टेशनों, डिपो कार्यशालाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार मेला लगाकर अभ्यर्थियों से सीधे संपर्क कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।
भर्ती प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। रोजगार मेले में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों से मौके पर ही आवेदन लिए जाएंगे और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेज सही पाए जाने पर उसी दिन ड्राइविंग टेस्ट भी लिया जाएगा। प्रारंभिक रूप से सफल अभ्यर्थियों को कानपुर भेजा जाएगा, जहां प्रशिक्षण और अंतिम परीक्षा के बाद उन्हें संविदा चालक के रूप में नियुक्ति दी जाएगी। रोडवेज ने भर्ती के लिए योग्यता मानकों को काफी आसान रखा है। न्यूनतम आठवीं पास, 23 वर्ष 6 माह से 58 वर्ष तक आयु सीमा और कम से कम दो साल पुराना भारी वाहन लाइसेंस (एचएमवी) रखने वाले अभ्यर्थी भर्ती मेले में भाग ले सकते हैं। इसके अलावा छह महीने से अधिक पुराना न होने वाला जाति प्रमाण पत्र भी अनिवार्य होगा।संविदा चालकों की भर्ती के लिए रोजगार मेले सुबह 10 बजे से आयोजित किए जाएंगे। 5 फरवरी : जारी बस स्टेशन (जारी) 6 फरवरी : बद्री प्रसाद तिवारी इंटर कॉलेज (मेजा रोड) 7 फरवरी : झूंसी कार्यशाला एवं लालगंज बस स्टेशन 8 फरवरी : फूलपुर ब्लॉक के बगल (फूलपुर) 9 फरवरी : सराय अकिल बस स्टेशन एवं पट्टी बस स्टेशन 10 फरवरी : मंझनपुर डिपो कार्यशाला एवं प्रतापगढ़ डिपो कार्यशाला 11 फरवरी : कुंडा बस स्टेशन, बादशाहपुर डिपो कार्यशाला एवं मड़िहान बस स्टेशन 12 फरवरी : मीरजापुर डिपो कार्यशाला

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




