टायर कारोबारी की हुई थी सड़क हादसे में मौत
Prayagraj News - प्रयागराज में एजी ऑफिस चौराहे पर बुधवार रात एक सड़क हादसे में टायर कारोबारी अनिल क्वात्रा की जान चली गई। वह अपनी दुकान से घर लौट रहे थे, जब एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।

प्रयागराज, संवाददाता। एजी ऑफिस चौराहे पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले की पहचान टायर कारोबारी के रूप में हुई। हादसे से पहले वह दुकान से घर लौट रहे थे। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद कारोबारी का शव परिजनों को सौंप दिया गया। मूल रूप से कृष्णा नगर कीडगंज निवासी 55 वर्षीय अनिल क्वात्रा बीते कुछ वर्षों से परिवार के साथ अशोक नगर में रह रहे थे। उनका टायर का कारोबार है। मुट्ठीगंज में रजत ऑटो एजेंसी के नाम से उनकी दुकान है। प्रतिदिन की तरह बुधवार रात भी वह दुकान बंद कर अशोक नगर लौट रहे थे।
बताया गया कि एजी ऑफिस चौराहे पर कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद कार सवार गाड़ी लेकर भाग निकला। राहगीरों ने उन्हें पास के ही एक निजी अस्पताल पहुंचाया था जहां कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर पाकर सिविल लाइंस पुलिस और परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनिल क्वात्रा के परिवार में पत्नी सची क्वात्रा, दो बेटे संचित व साहिल और एक बेटी शुचिता है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार चालक की तलाश कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




