राजस्व वाद से परेशान हैं मंडल के एक लाख लोग

Feb 25, 2026 07:09 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

Prayagraj News - प्रयागराज मंडल की 19 तहसीलों में एक लाख छह हजार 369 लोग राजस्व वाद लड़ रहे हैं। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को तेजी से निस्तारण करने के निर्देश दिए। एसडीएम को लापरवाही पर फटकार लगाई गई। 5 साल से ज्यादा समय से लंबित वादों का जल्द निस्तारण करने का आदेश दिया गया है।

राजस्व वाद से परेशान हैं मंडल के एक लाख लोग

प्रयागराज मंडल की 19 तहसीलों में एक लाख छह हजार 369 लोग सालों से राजस्व वाद लड़ रहे हैं। तहसीलों में चक्कर काटते परेशान हो चुके हैं, लेकिन मिलने वाली तारीखों का अंत नहीं हो रहा है। बुधवार को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने जब राजस्व वादों की समीक्षा की तो उन्होंने अफसरों को इसे तेजी से निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिन तहसीलों में निस्तारण में लापरवाही हो रही है, वहां के एसडीएम को फटकार लगाई। वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी 19 तहसीलों से जुड़ी मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि पांच साल या इससे अधिक समय से लंबित वादों का निस्तारण जल्द करें।

फरवरी में किए गए निस्तारणों की तहसीलवार जानकारी ली। कहा कि कुल निस्तारण के लक्ष्य निर्धारित करें और अंतिम आख्या के बाद इसे पोर्टल पर अपलोड करें। मंडल में प्रयागराज जिले की सोरांव तहसील में सर्वाधिक वाद लंबित होने पर एसडीएम को निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर इसका निस्तारण कराएं। साथ ही चेतावनी भी दी कि जिन तहसीलों में निस्तारण की गति अपेक्षित स्तर पर नहीं पाई जाएगी, वहां के अफसरों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी एसडीएम, तहसीलदारों व संबंधित राजस्व अधिकारियों की ओर से निस्तारित किए गए बिंदुओं को उनकी वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (एसीआर) में सम्मिलित किया जाएगा। प्रयागराज में 42,640 वाद लंबित हैं, प्रतापगढ़ में 30,769, फतेहपुर में 12,313 और कौशाम्बी में 8,012 वाद लंबित हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।