
दिव्यांगों के लिए जल्द खुलेगा पुनर्वास केंद्र
Prayagraj News - प्रयागराज में दिव्यांगजनों के लिए राहत की खबर है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग जिले में पुनर्वास केंद्र खोलने की तैयारी कर रहा है। इस केंद्र में दिव्यांगों को कृत्रिम अंग, फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी जैसी सुविधाएं मिलेंगी। केंद्र में आठ कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी और जल्द ही जमीन का चयन किया जाएगा।
प्रयागराज। जिले के दिव्यांगजनों के लिए यह राहत भरी खबर है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से जिले में पुनर्वास केंद्र खोलने की तैयारी है। इलाज, थेरेपी और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए दिव्यांगों को अब भटकना नहीं होगा। केंद्र के संचालन के लिए मेडिकल कॉलेज समेत अन्य जगहों पर जमीन की तलाश चल रही है। जनपद में दिव्यांगों को इलाज से लेकर अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। इसमें दिव्यांग प्रमाण पत्र से लेकर अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ती हैं। इसी को देखते हुए शासन से मंडल स्तर पर जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र खोलने की घोषणा की गई थी।
इस योजना को जमीन पर उतारने के लिए दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग मेडिकल कॉलेज, बेली या फिर कॉल्विन अस्पताल परिसर में जगह की तलाश कर रहा है। जहां करीब चार कमरों में इसे संचालित किया जाएगा। केंद्र में ये मिलेंगी सुविधाएं प्रयागराज। पुनर्वास केंद्र में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंगों की उपलब्धता आसानी से होगी। इसके साथ ही फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी, परामर्श और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी। केंद्र में आधुनिक उपकरणों की मदद से दिव्यांगों की पहचान, मूल्यांकन और दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की भी सुविधा मिलेगी। केंद्र में आठ कर्मचारियों की होगी तैनाती प्रयागराज। केंद्र में दिव्यांगों की मदद के लिए पैरामेडिकल स्टाफ समेत आठ कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इसमें प्रशिक्षित फिजियोथेरेपिस्ट, मनोवैज्ञानिक, काउंसलर आदि शामिल होंगे। इसके साथ ही उनके तकनीक प्रशिक्षण, डिजिटल पंजीकरण और ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम की भी सुविधा उपलब्ध होगी। पुनर्वास केंद्र खोलने की तैयारी विभाग की ओर से जारी है, जल्द ही जमीन चिह्नित कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। दिव्यांगजनों को इस केंद्र से काफी सहूलियत मिलेगी। अशोक कुमार गौतम, दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




