
एनआईओएस के बेसिक कोर्स में रिकॉर्ड 5235 प्रवेश
Prayagraj News - सरकार की नई मंजिल योजना के तहत एनआईओएस के बेसिक एजुकेशन कोर्स में इस वर्ष 5235 विद्यार्थियों ने दाखिला कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 16 गुना अधिक है। यह योजना अल्पसंख्यक युवाओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए बनाई गई है। शिक्षा जागरूकता में वृद्धि के साथ, केंद्रों और शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
सरकार की नई मंजिल योजना के तहत इस वर्ष एनआईओएस (राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान) के बेसिक एजुकेशन कोर्स में प्रवेश का रिकॉर्ड टूट गया है। इस शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कुल 5235 लोगों ने दाखिला कराया है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या मात्र 319 थी। एक साल में 16 गुना से अधिक वृद्धि ने शिक्षा विभाग को भी चौंका दिया है। एनआईओएस के क्षेत्रीय अधिकारी पीयूष प्रसाद के अनुसार, नई मंजिल योजना का उद्देश्य उन अल्पसंख्यक युवाओं को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना है, जो किसी कारणवश स्कूलों से दूर रह गए थे। योजना के तहत विद्यार्थियों को कक्षा 6 से 8 तक की मुक्त शिक्षा व्यवस्था में पढ़ाई का अवसर मिलता है।
इस बार बड़ी संख्या में ऐसे युवा जो मजदूरी, पारिवारिक कार्यों या आर्थिक कारणों से शिक्षा छूट जाने पर मजबूर थे, अब दोबारा पढ़ाई से जुड़ रहे हैं। सरकार उन लोगों को शिक्षित बना रही है जो किसी कारण शिक्षा से दूर हो गए थे। एनआईओएस में ही केवल यह व्यवस्था है कि कोई भी व्यक्ति किसी भी आयु में दाखिला ले सकता है। एनआईओएस के इस रिकॉर्ड प्रवेश से स्पष्ट है कि जिले में शिक्षा जागरूकता बढ़ी है और विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं में पढ़ने की इच्छा मजबूत हुई है। अधिकारियों ने बताया कि दाखिले बढ़ने के बाद अब केंद्रों की संख्या बढ़ाने, नए शिक्षकों की तैनाती और अध्ययन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू हो गई है। बेसिक में वर्षवार दाखिले 2021-2022 में 233 2022-2023 में 172 2023-2024 में 469 2024-2025 में 319 2025-2026 में 5235

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




