Prayagraj News: बहनों ने कलाई पर बांधा प्यार, खुशियां छाई अपार
Prayagraj News: प्रयागराज में रक्षाबंधन का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और भाइयों ने बहनों के प्रति स्नेह का वचन दिया। पर्व का शुभ मुहूर्त सुबह 9:47 बजे तक रहा, फिर भी बारिश के बावजूद उत्सव की रौनक कम नहीं हुई।

Prayagraj News: प्रयागराज, संवाददाता। सावन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर भाई-बहन के अटूट प्रेम व स्नेह का पर्व रक्षाबंधन उल्लास के साथ मनाया गया। घरों में पूरे दिन उत्सव का माहौल दिखाई दिया। बड़े-बुजुर्गों के सानिध्य में बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर प्यार के रूप में राखी व रक्षासूत्र बांधा। भाइयों को अक्षत-रोली का तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी गई तो भाइयों ने स्नेह की डोर को और अधिक मजबूत करने का वचन बहनों को दिया。
पर्व का शुभ मुहूर्त
उदया तिथि की पूर्णिमा में पर्व का शुभ मुहूर्त सुबह 9:47 बजे तक रहा। यही वजह रही कि अधिकतर घरों में सुबह सात बजे से ही पर्व की खुशियां अपनों के बीच मनाने का उल्लास दिखा। राहुकाल में रक्षासूत्र नहीं बांधने की वजह से सुबह 10:46 बजे से लेकर दोपहर 12:22 बजे तक लजीज व्यंजनों को बनाने का दौर शुरू हुआ। जबकि दूरदराज के क्षेत्रों में भाइयों को राखी बांधने के लिए बहनें गंतव्य की ओर जाती दिखीं। दोपहर एक बजे के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद पर्व का उत्साह कम नहीं हुआ।
रक्षाबंधन का उल्लास
बहनें भीगते हुए भाइयों के घर पहुंचीं और राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि की कामना की। देर शाम तक शहर का कोई क्षेत्र ऐसा नहीं दिखा, जहां सड़कों से लेकर घरों तक में रौनक न दिखाई दी हो। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंटकर आशीर्वाद लिया।


