
माघ मेला: स्टेशनों पर श्रद्धालुओं को मिलेगा फूड प्लाजा समेत उत्तम खानपान
Prayagraj News - प्रयागराज मंडल ने माघ मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खानपान और पेयजल की व्यवस्थाओं को मजबूत किया है। प्रमुख स्टेशनों पर कैटरिंग स्टॉल्स, फूड प्लाज़ा, और वाटर वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाई गई है। प्रयागराज जंक्शन सहित अन्य स्टेशनों पर यात्रियों की आवश्यकताओं का ध्यान रखा गया है।
माघ मेला 2026 में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रयागराज मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर खानपान और पेयजल की व्यवस्थाओं को मजबूती दी है। कैटरिंग स्टॉल्स, मल्टीपरपज स्टाल्स, फूड प्लाज़ा, रिफ्रेशमेंट रूम और वाटर वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाकर सेवाओं को अधिक सुगम बनाया गया है, ताकि दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को भोजन और आवश्यक सामग्री के लिए भटकना न पड़े। प्रयागराज जंक्शन पर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर फूड प्लाज़ा समेत 19 कैटरिंग स्टाल, 23 मल्टीपरपज स्टाल और 15 वाटर वेंडिंग मशीनें सेवाएं दे रही हैं। चारों यात्री आश्रयों में भी कैटरिंग की सुविधा बढ़ाई गई है।

प्रयागराज छिवकी में फूड प्लाज़ा के साथ नया रिफ्रेशमेंट रूम तैयार हो रहा है। स्टेशन पर छह कैटरिंग स्टाल, चार मल्टीपरपज स्टाल और तीन वाटर वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं। नैनी जंक्शन पर चार कैटरिंग स्टाल और तीन वाटर वेंडिंग मशीनों की व्यवस्था की गई है। साथ ही पांच यात्री आश्रयों में अतिरिक्त सुविधाएं जोड़ी गई हैं। सूबेदारगंज स्टेशन का रेल कोच रेस्टोरेंट यात्रियों का आकर्षण केंद्र बना है। यहां सात कैटरिंग स्टाल, दो मल्टीपरपज स्टाल और तीन वाटर वेंडिंग मशीनें उपलब्ध हैं। मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि स्टाल्स पर पैकेज्ड पेयजल, स्नैक्स, बच्चों के लिए दूध-पाउडर, कॉस्मेटिक आइटम, आपात दवाएं, खिलौने, तौलिए, तकिए, पत्र-पत्रिकाएं, मैगज़ीन, रेलवे टाइम टेबल, क्षेत्रीय कलाकृतियां और अन्य जरूरी वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


