सेना को देने के लिए रेलवे ने खाली कराई अपनी जमीन

सेना को देने के लिए रेलवे ने खाली कराई अपनी जमीन

संक्षेप:

Prayagraj News - प्रयागराज में रेलवे ने झूंसी स्टेशन के पास अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। रेलवे ने अवैध कब्जाधारकों को 8 दिसंबर तक भूमि खाली करने का नोटिस दिया था। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। नई रेलवे लाइन बिछाने के लिए सेना से ली गई भूमि के बदले झूंसी में समान कीमत की भूमि देने का आश्वासन दिया गया है।

Dec 10, 2025 05:32 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

प्रयागराज। नई रेलवे लाइन बिछाने के लिए सेना से परेड मैदान में ली गई जमीन के बदले भूमि देने के लिए रेलवे ने झूंसी स्टेशन के पास अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ढहा दिया। रेलवे की भूमि पर लगभग डेढ़ दर्जन छोटे-बड़े अ‌वैध निर्माणों को तोड़ने से पहले रेलवे ने वहां रहने वालों को नोटिस दिया था। नोटिस में अवैध कब्जा धारकों को आठ दिसंबर तक भूमि खाली करने के लिए अल्टीमेटम दिया गया था। निर्धारित तारीख पर अवैध कब्जा नहीं हटाने पर पूर्वोत्तर रेलवे ने आरपीएफ और आरवीएनएल के सहयोग से ध्वस्तीकरण किया। गंगा पर नया पुल बनाए जाने के बाद पू‌‌र्वोत्तर रेलवे ने नई रेलवे लाइन बिछाने के लिए परेड क्षेत्र में रक्षा भूमि ली थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

भूमि के बदले पूर्वोत्तर रेलवे ने समान कीमत की जमीन झूंसी में देने का आश्वासन दिया था। जमीन के बदले जमीन देने को लेकर सेना और रेलवे ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। पिछले सप्ताह रक्षा संपदा अधिकारी एके मिश्रा ने पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों के साथ जमीन की अदला-बदली को लेकर बैठक की थी। रक्षा संपदा अधिकारी ने सेना को दी जाने वाली चिह्नित जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए कहा था। उसी के क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे ने कार्रवाई की। कार्रवाई में शामिल रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि झूंसी-प्रयागराज रामबाग खंड में रेलवे लाइन बिछाने के लिए परेड में लगभग छह एकड़ रक्षा भूमि ली गई थी। इस भूमि की समान कीमत के बदले झूंसी में तकरीबन 19 एकड़ जमीन देने पर समझौता हुआ था। खाली कराई गई जमीन सेना को सौंपी जाएगी। अधिकारी के मुताबिक रेलवे की जमीन पर मांस-मछली की दुकानें संचालित हो रही थीं। नोटिस देने गए रेलवे के कर्मचारियों का अवैध कब्जा धारकों ने विरोध किया था। ध्वस्तीकरण के दौरान विरोध की संभावना के मद्देनजर मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई थी।