नैनी में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या
नैनी के मड़ौका इलाके में प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन की रुपये के लेनदेन के विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे सीसीटीवी कैमरे को बंद कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और एक हत्यारोपी के सरेंडर करने की बात सामने आई है।
नैनी, हिन्दुस्तान संवाद। नैनी के मड़ौका इलाके में रविवार शाम रुपये के लेनदेन के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पहले से प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में मौजूद हत्यारों ने बकायदा सीसीटीवी कैमरे को बंद कर वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारियों समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं घटना के कुछ देर बाद एक हत्यारोपी के अतरसुइया थाने में पहुंचकर सरेंडर करने की बात भी कही जा रही है, हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है。
हत्या का विवरण
नैनी के महेवा पूरब पट्टी इलाके में रहने वाला 38 वर्षीय अजहरुद्दीन पुत्र बदरुद्दीन दो बहन और दो भाइयों में छोटा था। अजहरुद्दीन क्षेत्र की ही रहने वाले अरविंद भारतीय और बृजेश कुमार निषाद समेत अन्य लोगों के साथ प्रॉपर्टी का काम करता था। रविवार शाम लगभग चार बजे अजहरुद्दीन मड़ौका स्थित अरविंद के ऑफिस अपनी बाइक से पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक वहां अरविंद, बृजेश एवं अन्य लोग पहले से मौजूद थे। वहां कहासुनी के बाद अजहरुद्दीन की दाहिनी कनपटी में सटाकर गोली मार दी गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कातिल वैगनआर कार से फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई
वारदात के बाद मौके पर पहुंचे एडिशनल सीपी अजय पाल शर्मा, डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव और एसीपी करछना समेत अन्य टीम ने मौके पर घंटों पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या करने वालों में अजरुद्दीन के पार्टनर ही हैं। कातिलों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
वर्जन
मृतक प्रॉपर्टी का काम करता था, उसके पार्टनर पर ही हत्या का आरोप है, कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके पर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखाई दी कार भी पकड़ ली गई है, जल्द सभी आरोपित गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।-विवेक चंद्र यादव, डीसीपी यमुनानगर।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


