किसानों को कॉरपोरेट का पाठ पढ़ाएंगे विशेषज्ञ
Prayagraj News - प्रयागराज के किसान अब केवल खेती नहीं करेंगे, बल्कि अपनी पैदावार की अच्छी पैकिंग करके बाजार में बेचने के लिए तैयार होंगे। इसके लिए 5 क्लस्टर आधारित व्यावसायिक संगठनों का चयन किया गया है, जो किसानों को प्रशिक्षित करेंगे। 105 कृषक उत्पादक समूह (एफपीओ) क्रियाशील हैं, जो नई तकनीकों का उपयोग कर उत्पादकता बढ़ाएंगे।

प्रयागराज। जिले के किसान अब केवल खेती करते दिखाई नहीं देंगे। अपनी पैदावार की अच्छी पैकिंग करेंगे और बाजार में इसे बेचने के लिए तैयार भी करेंगे। प्रयागराज के उत्पादों को बेहतरीन बाजार में पहुंचाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए पांच क्लस्टर आधारित व्यावसायिक संगठनों का चयन कर दिया गया है, जो कृषकों को प्रशिक्षित कर उनकी उत्पादकता की गुणवत्ता में सुधार करेंगे। जिले में कृषि के कई उत्पाद ऐसे हैं, जिन्हें थोड़ा सा सुधार कर अच्छी कीमत पर बाजार में बेचा जा सकता है। ऐसे में कॉरपोरेट कृषि को बढ़ाने के लिए कृषक उत्पादक समूहों (एफपीओ) का गठन किया गया, जिले में इस वक्त 105 एफपीओ क्रियाशील हैं।
यह एफपीओ बेहतर तरीके से काम कर रहे हैं, लेकिन अब नई तकनीकों को समझाने की जरूरत महसूस की जा रही है। यही कारण है कि क्लस्टर आधारित व्यावसायिक संगठन को जिम्मेदार दी गई। इस संगठन में कृषि वैज्ञानिक के साथ ही मार्केट के विशेषज्ञ भी मौजूद हैं, जो किसानों जैविक खेती के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही उत्पादों को कैसे बेहतरीन पैकिंग के साथ बाजार में उतारा जा सकता है, इसके बारे में भी बताएंगे। इसकी मार्केटिंग के लिए जो नए टूल्स इस वक्त प्रचलित हैं, उसकी बात भी समझाएंगे। पिछले दिनों इस संगठन के सदस्यों ने सीडीओ हर्षिका सिंह से मुलाकात की। जिसके बाद सीडीओ ने उप निदेशक कृषि पवन कुमार विश्वकर्मा को निर्देश दिया कि सभी एफपीओ के साथ इस संगठन की बैठक कराकर काम को आगे बढ़ाएं। उप निदेशक कृषि ने बताया कि यह क्लस्टर आधारित व्यावसायिक संगठन एफपीओ को प्रशिक्षण देंगे तो निश्चित तौर पर गुणवत्ता में सुधार होगा और उत्पादन भी बढ़ेगा व किसानों की जीवनशैली में सुधार होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


