Prayagraj News: सीएम के कार्यक्रम के लिए तैयारियां तेज
Prayagraj News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक अक्तूबर को प्रयागराज आगमन की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने एनी बेसेंट स्कूल और महाशय मसुरियादीन विद्यालय परिसर में सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। एनी बेसेंट स्कूल में कीचड़ की समस्या को हल करने के लिए सफाई का कार्य चल रहा है।

Prayagraj News: प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक अक्तूबर को प्रयागराज आगमन का प्रस्तावित कार्यक्रम अभी भले ही अंतिम रूप से तय न हो, लेकिन प्रशासनिक अफसरों ने तैयारियों को तेज कर दिया है। बघाड़ा स्थित एनी बेसेंट स्कूल और तेलियरगंज स्थित महाशय मसुरियादीन विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने का काम चल रहा है। तेलियरगंज के कार्यक्रम की तो कोई समस्या नहीं है, लेकिन एनी बेसेंट स्कूल के कार्यक्रम ने अफसरों को परेशान कर रखा है।एनी बेसेंट स्कूल परिसर में कीचड़ है। इसे पाटने का काम शुरू कर दिया गया है। आसपास के मार्ग पर सफाई शुरू कर दी गई है।
परेशानी यह है कि यहां तक पहुंचने का एक ही मार्ग है। छोटा बघाड़ा की तंग सड़कों और छात्रों का हुजूम है। यहां पर एक छोटी ही सही सभा भी सम्बोधित करने की तैयारी है। ऐसे में अधिक समय तक लोगों को रोकना होगा। इन सबको लेकर प्रशासन व पुलिस अपने स्तर पर तैयारी कर रहे हैं। तेलियरगंज में महाशय मसुरियादीन की प्रतिमा का अनावरण और वहां पर भी जनसभा सम्बोधित होनी है। फिलहाल अफसरों का कहना है कि प्राप्त सूचना के आधार पर तैयारी की जा रही है, लेकिन अब तक अधिकृत कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं है।


