Prayagraj News: कांवर यात्रा के पहले व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश
Prayagraj News: प्रयागराज में सावन महीने के दौरान लाखों शिवभक्तों और कांवरियों की आमद को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। महापौर ने प्रमुख गंगा घाटों, कांवर यात्रा मार्गों और शिवालयों का निरीक्षण किया और समस्त सुधारात्मक कार्यों के निर्देश दिए।
Prayagraj News: प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। सावन में लाखों शिवभक्तों और कांवरियों के आगमन को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने सोमवार को नगर निगम के अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ प्रमुख गंगा घाटों, कांवर यात्रा मार्गों और शिवालयों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जहां भी कमियां मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
कांवर यात्रा के निरीक्षण
महापौर ने कांवर यात्रा के पूरे रूट का निरीक्षण करते हुए नालों की तत्काल सफाई कराने, जलभराव की समस्या दूर करने तथा सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ मौजूद नगर निगम के प्रवर्तन दल ने कांवर मार्ग पर अतिक्रमण को चिह्नित किया और उसे हटाने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। कई स्थानों पर सीवर लीकेज, धंसे हुए सीवर ढक्कन, टूटी सड़कें, जाम नालियां और सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त की।
सुरक्षा और सुविधाएं
महापौर ने घाटों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा जाल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी चेंजिंग रूम, शौचालय, शुद्ध पेयजल, नियमित सफाई, कीटनाशक छिड़काव, सीवर मरम्मत तथा आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर के साथ निरीक्षण में नगर निगम के मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान, अवर अभियंता राम सक्सेना आदि मौजूद रहे।


