माघ मेला तैयारी पर पानी की बाधा, गंगा– यमुना का जलस्तर घटने का इंतजार
Prayagraj News - प्रयागराज में माघ मेले की तैयारी के लिए गंगा और यमुना के जलस्तर में कमी की आवश्यकता है। यमुना का जलस्तर एक मीटर कम होने पर तैयारी में तेजी आएगी। हाल ही में हरिद्वार बैराज से गंगा में अधिक पानी छोड़ा गया है, जिससे जलस्तर घटने में मुश्किल हो रही है।

माघ मेला की तैयारी में लगे विभाग गंगा-यमुना का जलस्तर तेजी से घटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। यमुना का जलस्तर कम से कम एक मीटर कम हो तो मेला की तैयारी कुछ गति पकड़े। दोनों का जलस्तर धीमी गति से कम भी हो रहा है, लेकिन गंगा में बैराजों से छोड़े जा रहे पानी से मुश्किलर कम नहीं हो रही है। हरिद्वार बैराज से गंगा में डिस्चार्ज बढ़ा दिया गया। बैराज से बुधवार को 11,110 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जबकि सोमवार को इसी बैराज से 5,672 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। हरिद्वार से छोड़ा गया बढ़ा पानी नरौरा, कानपुर बैराज होकर प्रयागराज पहुंचेगा तो यहां गंगा मेला की तैयारी में मुश्किल खड़ा कर सकती हैं।
बता दें कि कानपुर बैराज से भी गंगा में लगातार तीसरे दिन 17,943 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बैराजों से छोड़ा जा रहा पानी अगले कुछ दिनों तक प्रयागराज आता रहेगा, जिससे यहां गंगा का जलस्तर तेजी से घटने की संभावना बहुत कम है। केंद्रीय जल आयोग के जारी आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले 48 घंटे में गंगा (फाफामऊ) में 37 सेमी और यमुना (नैनी) का जलस्तर 14 सेमी कम हुआ है। बताया जा रहा है कि यमुना का जलस्तर एक मीटर कम हो तो मेला की तैयारी गति पकड़ेगी।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दिग्विजय नारायण शुक्ला ने बताया कि यमुना का जलस्तर धीमी गति से कम हो रहा है। हरिद्वार बैराज से सुबह ज्यादा पानी छोड़ा गया है लेकिन नरौरा से नहरों में पानी डायवर्ट होने के बाद प्रयागराज में तेजी से गंगा का जलस्तर घटेगा। नरौरा से पानी डायवर्ट होने पर कानपुर बैराज से भी डिस्चार्ज कम हो जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




