Prayagraj News: राज्य विश्वविद्यालय में एआई की पढ़ाई अनिवार्य
Prayagraj News: प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) राज्य विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों के करीब सवा पांच लाख विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कृत्रिम बुद्धिमत्ता की पढ़ाई अनिवार्य होगी। बोर्ड ऑफ स्टडीज ने बीए, बीएससी, बीकॉम, विधि सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में एआई शामिल करने को मंजूरी दी है। फाउंडेशन और वोकेशनल कोर्स में भी इसे जोड़ा जाएगा, ताकि विद्यार्थी आधुनिक तकनीक और रोजगार बाजार की जरूरतों के लिए तैयार हों।

Prayagraj News: प्रयागराज, अनिकेत यादव। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) राज्य विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध महाविद्यालयों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की पढ़ाई अनिवार्य होगी। बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक में पाठ्यक्रम में बदलाव को मंजूरी दी गई है। इस फैसले से विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के करीब सवा पांच लाख विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।विश्वविद्यालय प्रशासन ने एआई की पढ़ाई को तीन स्तरों पर पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है। इसके तहत बीए, बीएससी, बीकॉम और विधि समेत अन्य परंपरागत पाठ्यक्रमों में एआई को जोड़ दिया गया है। इसके अलावा तीन क्रेडिट के फाउंडेशन और वोकेशनल कोर्स में भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता को शामिल किया गया है।
विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराना और बदलते रोजगार बाजार के अनुरूप तैयार करना है। अब तक एआई की पढ़ाई मुख्य रूप से तकनीकी और कंप्यूटर से जुड़े विषयों तक सीमित रही है, लेकिन नए बदलाव के बाद दूसरे विषयों के विद्यार्थी भी इसकी बुनियादी जानकारी हासिल कर सकेंगे। खास बात यह है कि विश्वविद्यालय ने इसे किसी एक संकाय या पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखा है। स्नातक से लेकर परास्नातक और विधि तक के विद्यार्थियों को इसकी पढ़ाई करनी होगी। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह से कहना है कि बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक में सभी पाठ्यक्रमों में एआई शामिल करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय शैक्षिक सत्र 2026-27 से प्रभावी होगा।


