वेंडिंग जोन के लिए पटरी दुकानदारों ने दिया धरना
Prayagraj News - प्रयागराज में पटरी दुकानदारों ने सरोजनी नायडू मार्ग पर वेंडिंग जोन बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन और धरना दिया। नगर निगम के सामने पुलिस के साथ कहासुनी हुई, लेकिन मामला शांत हो गया। दुकानदारों ने नगर निगम को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई, तो वे न्यायालय का सहारा लेंगे।
प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। शहर के पटरी दुकानदारों ने सरोजनी नायडू मार्ग पर वेंडिंग जोन बनाने की मांग को लेकर पहले प्रदर्शन किया, फिर धरना दिया। आजाद स्ट्रीट वेंडर वेलफेयर यूनियन, हॉकर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी के बैनरतले पटरी दुकानदारों ने गुरुवार सुबह नगर निगम पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। नगर आयुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दुकानदारों के साथ बातचीत शुरू की। इसी दौरान दुकानदारों की पुलिस के साथ कहासुनी होने लगी। प्रदर्शन में ही शामिल दुकानदारों के बीचबचाव पर मामला शांत हुआ। इसके बाद टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य रविशंकर द्विवेदी ने सरोजनी नायडू मार्ग पर अर्बन बाजार का टेंडर निरस्त कर वेंडिंग जोन बनाने की मांग की।

रवि ने कहा कि नगर निगम ने अर्बन बाजार बनाने का फैसला वापस नहीं लिया तो न्यायालय की शरण में जाएंगे। पूर्व पार्षद मुकुंद तिवारी ने नगर निगम पर बड़ी मार्केट बसाने के लिए छोटी दुकानों को उजाड़ने का आरोप लगाया। नगर निगम में प्रदर्शन के बाद दुकानदारों ने अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर बाहर निकले और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन व धरने में अनिल मिश्रा, शहजादे, अरविंद मिश्रा, प्रेमचंद केसरवानी, रितेश श्रीवास्तव, दीपक सोनकर, सुधाकर सिंह, शीतला पांडेय, रवि, विनोद, जगदीश, यार मोहम्मद, प्रेम केसरवानी, गोपी, विजय गुप्ता, कुंदन सोनकर, मिथलेश आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




