नहीं मिल रहे सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पार्किंग चलाने वाले

Mar 12, 2026 10:59 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

Prayagraj News - प्रयागराज नगर निगम शहर में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और 11 सड़कों पर पार्किंग बनाने की योजना बना रहा है। हालांकि, हॉस्पिटल और पार्किंग के संचालन के लिए एजेंसियों में रुचि नहीं है। टेंडर की तिथियां बढ़ाई गई हैं, और न्यूनतम तीन आवेदन नहीं आने के कारण परेशानियाँ बढ़ रही हैं।

नहीं मिल रहे सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पार्किंग चलाने वाले

प्रयागराज। नगर निगम बेहतर इलाज के लिए शहर में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाना चाहता है। शहर की 11 सड़कों के किनारे पार्किंग बनाने की भी योजना है। मुश्किल यह है कि नगर निगम को सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और पार्किंग चलाने वाले नहीं मिल रहे हैं। नगर निगम दोनों के लिए निविदा निकाल रहा है, लेकिन एजेंसियां इनके संचालन को इच्छुक नहीं हैं। नैनी के अरैल में 75 करोड़ की लागत से प्रस्तावित सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और सिविल लाइंस क्षेत्र में पार्किंग के लिए दो बार टेंडर निकाला। हॉ़स्पिटल और पार्किंग के लिए निविदा में न्यूनतम तीन आवेदन भी नहीं आया। 10 मार्च को सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और पार्किंग का टेंडर खुलने वाला था।

न्यूनतम तीन आवेदन नहीं आए तो नगर निगम ने अवधि फिर बढ़ा दी। अब सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का टेंडर आठ अप्रैल को खुलेगा। पार्किंग की निविदा 25 मार्च को खोली जाएगी।अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र यादाव ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और पार्किंग के निविदा की तारीख बढ़ाई गई है। नगर निगम के अन्य अधिकारियों का कहना है कि पीपीपी मॉडल पर हॉस्पिटल संचालन के लिए नगर निगम सालाना पांच करोड़ से अधिक राशि की मांग कर रहा है जो, एजेंसियां देने को तैयार नहीं हैं। वहीं सिविल लाइंस क्षेत्र में प्रस्तावित पार्किंग शुल्क का पार्षद ही विरोध कर रहे हैं। सदन की बैठक में पहले पार्षद किरन जायसवाल ने पार्किंग शुल्क का विरोध किया। पुनरीक्षित बजट पर मंगलवार को बैठक में पार्षद बब्लू रघुवंशी ने दोपहिया वाहनों से पार्किंग शुल्क नहीं लेने की वकालत की।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।