प्रयागराज के बिना विश्व का साहित्य अधूरा : महापौर

Newswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

Prayagraj News - प्रयागराज लिटरेरी फेस्टिवल का आयोजन गुफ्तगू संस्था द्वारा हुआ। समारोह में गुफ्तगू के 24 वर्ष पूरे होने पर पुस्तक का विमोचन किया गया। महापौर ने कहा कि प्रयागराज के बिना साहित्य अधूरा है। गुफ्तगू के अध्यक्ष ने शहर की साहित्यिक विरासत को वैश्विक पहचान देने की बात कही।

प्रयागराज के बिना विश्व का साहित्य अधूरा : महापौर

साहित्यिक संस्था गुफ्तगू की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रयागराज लिटरेरी फेस्टिवल का शुभारंभ शनिवार को आर्य कन्या इंटर कॉलेज के सभागार में हुआ। समारोह के उद्घाटन सत्र में अतिथियों ने संस्था की ओर से प्रकाशित पुस्तक गुफ्तगू के 24 वर्ष और ए जर्नी ऑफ अचीवमेंट एंड एस्पाइरेशन का विमोचन किया। साथ ही विशिष्ट लोगों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर हमारी सांस्कृतिक विरासत विषय पर आयोजित संगोष्ठी में महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रयागराज के बिना साहित्य अधूरा है। महाप्राण निराला, महीयसी महादेवी वर्मा, नामचीन शायर फिराक गोरखपुरी, अकबर इलाहाबादी व पं. सुमित्रानंदन पंत यहां के धरोहर हैं।

उन्होंने कहा कि गुफ्तगू परिवार शहर की साहित्यिक परंपरा को समृद्ध कर रहा है। नगर निगम की तरफ से स्थापित किए जा रहे साहित्य तीर्थ से भी शहर का मान बढ़ेगा। स्वागत संबोधन में गुफ्तगू के अध्यक्ष डॉ. इम्तियाज अहमद गाजी ने कहा कि शहर की साहित्यिक, सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक रूप देने के उद्देश्य से प्रयागराज लिटरेरी फेस्टिवल आयोजित किया गया है। मुख्य अतिथि पूर्व पुलिस महानिरीक्षक लालजी शुक्ल ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत का मूल आधार संस्कार है, जिसे हमें कभी नहीं भूलना चाहिए। इविवि मीडिया स्टडी सेंटर के समन्वयक डॉ. धनंजय चोपड़ा ने कहा कि इस शहर की खासियत यहां की अक्कड़ी, फक्कड़ी और मक्कड़ी है, जो देश के किसी भी दूसरे शहर में नहीं मिलती। अध्यक्षीय संबोधन में पत्रकार मुनेश्वर मिश्र ने शहर की साहित्यिक, सांस्कृतिक विविधता को रेखांकित किया। चीफ वार्डेन सिविल डिफेंस अनिल कुमार ‘अन्नू’ भइया, डॉ. कंचन सक्सेना, अजीत शर्मा आकाश ने विचार व्यक्त किए। संचालन मनमोहन सिंह तन्हा, आभार ज्ञापन नरेश कुमार महरानी ने किया। दूसरे सत्र में गायक आशुतोष श्रीवास्तव और साथियों ने गीत, गजल प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इस मौके पर हकीम रेशादुल इस्लाम, अनिल मानव, प्रभाशंकर शर्मा, संजय सक्सेना, रचना सक्सेना, अफसर जमाल, नीना मोहन श्रीवास्तव, राज जौनपुरी, डॉ. रंजना त्रिपाठी, मंजुलता नागेश, धीरेंद्र सिंह नागा, शिवाजी यादव, रामनारायण श्रीवास्तव, शिबली सना, डॉ.एसएम अब्बास, आसिफ उस्मानी, डॉ. वीरेंद्र कुमार तिवारी, डॉ. प्रमिला वर्मा, डॉ. पूनम अग्रवाल, तबस्सुम मंजूर नादकार मौजूद रहे।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।