Prayagraj News: युवा और छूटे मतदाताओं का बनेगा वोटर कार्ड
Prayagraj News: प्रयागराज में छूटे हुए पात्र लोगों और युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रशासन विशेष अभियान चलाएगा। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एसडीएम और बीएलओ को फार्म-6 भरवाने तथा कम महिला मतदाता अनुपात वाले क्षेत्रों में महिलाओं के नाम जोड़ने के निर्देश दिए। प्रारूप सूची 12 नवंबर को प्रकाशित होगी, दावे-आपत्तियां 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे और अंतिम सूची चार जनवरी को जारी होगी।

Prayagraj News: प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। मतदाता सूची में छूटे हुए लोगों और युवा मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए प्रशासन अभियान चलाएगा। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सभी एसडीएम को ऐसे पात्र लोगों से फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए हैं। जिन क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर महिलाओं के नाम भी सूची में जोड़े जाएंगे।शुक्रवार को एनआईसी कक्ष में फोटो निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटने न पाए, इसके लिए बीएलओ को सक्रिय किया जाए और अभियान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।
डीएम ने शैक्षिक संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि युवा मतदाता फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकें। उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हैं, उनकी पहचान कर नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाए। निर्वाचक नामावलियों की प्रारूप सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी को किया जाएगा। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी उपमा पांडेय, सभी एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

