Prayagraj News: दो माताओं ने किडनी दान कर बेटे को दिया नया जीवन
Prayagraj News: प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में पहली बार शुरू हुई किडनी ट्रांसप्लांट प्रक्रिया के तहत दो माताओं ने गंभीर किडनी बीमारी से जूझ रहे अपने बेटों को किडनी दान की। सरोज देवी ने 21 वर्षीय अभिषेक और सुशीला देवी ने 20 वर्षीय राहुल को नया जीवन दिया। दोनों सफल ट्रांसप्लांट से परिवारों में खुशियां लौटीं और अस्पताल की प्रक्रिया को बढ़ावा मिला।
Prayagraj News: प्रयागराज। ईश्वर शरण शुक्ल रविवार को शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र पर घरों-मंदिरों में मां दुर्गा के विविध रूपों का दर्शन-पूजन कर मंगल कामना की जाएगी। कहा जाता है कि मां है तो सब कुछ संभव है। क्योंकि मां एक शब्द नहीं, बल्कि अनेक रूपों और भावों की साक्षात देवी मानी जाती हैं। मां संतान के लिए हर जोखिम उठा सकती हैं। इसे सच कर दिखाया है दो माताओं ने, जिन्होंने किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे बेटों को किडनी दान कर उन्हें नया जीवन दिया है। इस सफल किडनी ट्रांसप्लांट से न केवल दो परिवार की खुशियां लौटी हैं वहीं मंडल के सबसे बड़े एसआरएन अस्पताल में पहली बार शुरू हुए किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया को नए पंख भी लगे हैं।
यह भी संयोग ही रहा दोनों बार हुए किडनी ट्रांसप्लांट में मां ने ही बेटे को किडनी दान की।
मांओं ने बेटों को किडनी देकर दिया नया जीवन
बेटे को हंसता देखकर लगा सारा जहान मिल गया
हनुमानगंज की रहने वाली 49 वर्षीय सरोज देवी ने बताया कि डॉक्टरों ने नवरात्र में किडनी ट्रांसप्लांट की तारीख तय कि तो मां दुर्गा ने मुझे वह शक्ति प्रदान की जिससे मैं बेटे की जान बचा सकी। डायलिसिस कराते-कराते कोई उम्मीद नहीं बची थी। लेकिन डॉक्टर मेरे लिए भगवान बन गए। 21 वर्षीय अभिषेक स्नातक की पढ़ाई के बाद एक फार्मा कंपनी में नौकरी करने लगे थे, लेकिन बीमारी ने घेर लिया। सरोज ने कहा कि बेटे को अब हंसते हुए देखती हूं तो लगता है कि सारा जहान मिल गया। आर्थिक रूप से कमजोर सरोज के लिए डॉक्टरों ने चंदा एकत्र कर सहयोग किया था।
दूसरी मां ने भी बेटे को दी किडनी
बेटे की खुशी देख भूल गई अपनी पीड़ा
अस्पताल में 19 सितंबर को जब दूसरा किडनी ट्रांसप्लांट हुआ तब भी मां ने बेटे को किडनी दान कर नया जीवन दिया। जौनपुर मछलीशहर की रहने वाली 50 वर्षीय सुशीला देवी ने कहा कि बेटी ने जब मुझे अस्पताल में कहा कि राहुल (20) अब ठीक हो गया है तो मैं अपनी पीड़ा ही भूल गयी। राहुल ने 2012-2013 में आईईआरटी प्रयागराज से मैकनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया था। उसके बाद गुजरात की एक केमिकल फैक्टरी में नौकरी कर रहे थे। वहीं पेन किलर के अधिक सेवन से किडनी फेल हो गयी। किडनी ट्रांसप्लांट टीम में नेफ्रोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद गुप्ता, डॉ. सौम्या गुप्ता, डॉ. संतोष मौर्या, यूरोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. दिलीप चौरसिया शामिल थे।

