प्रयागराज जंक्शन : होटल-मल्टीप्लेक्स का हुआ करार
Prayagraj News - प्रयागराज जंक्शन अब ‘स्मार्ट स्टेशन’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जी-5 बहुमंजिला इमारत में होटल और मल्टीप्लेक्स जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दिल्ली की कंपनी शिवशक्ति फूड को 15 साल के लिए लीज पर सौंपा गया है। यात्रियों को ठहरने, खाने-पीने और मनोरंजन की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। प्रयागराज जंक्शन अब ‘स्मार्ट स्टेशन’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में बनी जी-5 बहुमंजिला इमारत में जल्द ही होटल और मल्टीप्लेक्स जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। रेलवे ने इस इमारत को दिल्ली की कंपनी शिवशक्ति फूड को 15 साल के लिए लीज पर सौंप दिया है। रेलवे और कंपनी में कुछ शर्तों के साथ करार हुआ है।प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड लीटर रोड की ओर 68 कमरों और आठ हाल से सुसज्जित इस इमारत का उपयोग बहुउद्देशीय रूप में किया जाएगा। यहां यात्रियों को ठहरने, खाने-पीने और मनोरंजन की एक ही जगह पर सुविधा मिलेगी, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को खासा लाभ होगा।
रेलवे ने इसके लिए टेंडर किया था जिसपर दिल्ली की एक कंपनी से हुए समझौते के तहत रेलवे को पहले साल 2.1 करोड़ रुपये का किराया मिलेगा, जबकि 15 वर्षों में कुल 55 करोड़ 70 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है। साथ ही हर साल किराए में 10 प्रतिशत की वृद्धि भी तय की गई है।उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि लीज कुछ शर्तों के साथ दी गई है। माघ मेला और महाकुम्भ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान जरूरत पड़ने पर कंपनी को इमारत के कुछ तल रेलवे को उपलब्ध कराने होंगे। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से न केवल स्टेशन की सुविधाएं आधुनिक होंगी, बल्कि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा और रेलवे की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


