Prayagraj News: दशहरे से पहले थमा मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान
Prayagraj News: प्रयागराज में त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान दशहरे से पहले रुक गया। मिठाई, खोया, पनीर और घी की बढ़ती मांग के बीच कार्रवाई न होने पर सवाल उठे हैं। सहायक आयुक्त ने बताया कि अभियान कुछ दिनों के लिए स्थगित था और शनिवार से दोबारा शुरू किया जाएगा।

Prayagraj News: प्रयागराज। त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए चलाया जा रहा खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान दशहरे से पहले ही थम गया। कुछ दिनों से मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से अभियान की रफ्तार पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, विभाग का दावा है कि अभियान को कुछ दिनों के लिए ही रोका गया था और शनिवार से फिर शुरू किया जाएगा। त्योहारों के दौरान मिठाई, खोया, पनीर, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि दुकानों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की जांच कर मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करे।
इसके लिए विभाग की टीमें समय-समय पर छापेमारी कर नमूने लेती हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा द्वितीय डॉ. दीनानाथ ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान कुछ दिनों के लिए रोका गया था। शनिवार से इसे दोबारा शुरू किया जाएगा।


