Prayagraj News: कृष्णानगर में दिखेगी पश्चिम बंगाल की संस्कृति
Prayagraj News: प्रयागराज के कीडगंज परेड मैदान में 88वें दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए पश्चिम बंगाल की संस्कृति पर आधारित 45 फीट ऊंचा पंडाल बनाया जा रहा है। कोलकाता के कारीगर बांस, थर्माकोल और सूती कपड़ों से इसे सजा रहे हैं। पंडाल में धुनुची नृत्य, शंख वादन और बंगाली वेशभूषा की कलाकृतियां होंगी। 15 अक्तूबर को चंडी पाठ के साथ महोत्सव शुरू होगा।
Prayagraj News: प्रयागराज। कृष्णानगर कीडगंज बारवारी की ओर से इस बार जनमानस को पश्चिम बंगाल की कला-संस्कृति की झलक दिखाने की तैयारी की गई है। बारवारी की वरिष्ठ सदस्य अनामिका दास की अगुवाई में सचिव रूबी मुखर्जी और उनकी टीम ने 88वें वर्ष आयोजित होने जा रहे दुर्गा पूजा महोत्सव की थीम ‘बंगाल की संस्कृति’ को रखने का निर्णय लिया था। इस थीम के जरिए पंडाल का निर्माण कार्य 14 अक्तूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। कीडगंज परेड मैदान में इस बार 45 फीट ऊंचा पंडाल बनाया जा रहा है। कोलकाता से आए कारीगरों ने बांस-बल्लियों से ढांचा तैयार कर दिया है। अब थर्माकोल व सूती कपड़ों से पंडाल को सजाने का कार्य किया जा रहा है।
खास बात है कि पूरे पंडाल पर बंगाल में धुनुची नृत्य करती महिलाएं, शंख बजाती महिलाएं व पुरुष और बंगाली वेशभूषा को कलाकृतियों के माध्यम से उकेरने का कार्य हो रहा है।कोलकाता से ढाकी बजाने के लिए तीन कलाकार, महोत्सव के दौरान पूजन-अर्चन करने को दो पुरोहितों को आमंत्रित किया गया है। अनामिका दास ने बताया कि मां दुर्गा की 13 फीट ऊंची मूर्ति 14 अक्तूबर को पंडाल में लाकर रखी जाएगी। मां के अस्त्र-शस्त्र और शृंगार सामग्रियां कोलकाता से मंगवाए गए हैं। 15 अक्तूबर को चंडी पाठ से महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।

