
आईजीआरएस निस्तारण में पहली बार मिली 32वीं रैंक
Prayagraj News - प्रयागराज जिले ने आईजीआरएस रैंकिंग में सुधार किया है। पिछले सात महीनों से अंतिम पायदान पर रहने के बाद, जिले ने नवंबर में 32वीं रैंक प्राप्त की। इस सफलता का श्रेय प्रशासनिक प्रयासों और नागरिकों की शिकायतों के समाधान के लिए किए गए कार्यों को दिया गया है। सभी विभागों ने मिलकर इस दिशा में काम किया।
प्रयागराज। आईजीआरएस रैंकिंग में जिले की स्थिति को सुधारने के लिए जो प्रयास बीते कई महीनों से चल रहे थे, उसका परिणाम अब आया है। इस वित्तीय वर्ष में सात महीने अंतिम पायदान और दो महीने 74वें स्थान पर आने वाला जिला नवंबर महीने की रैकिंग में 32वें स्थान पर आया है। आईजीआरएस रैंकिंग में सुधार के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था। एडीएम सिटी सत्यम मिश्र को इसका नोडल बनाया गया और लगातार मॉनीटरिंग के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों को बुलाया और बताया कि कैसे निस्तारण करना है। कैसे फीडबैक लेना है। इसके बाद ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अफसार अहमद को जिम्मेदारी दी कि वो प्राप्त होने वाले फीडबैक से उन्हें रोजाना अवगत कराएं।

उद्देश्य केवल रैकिंग सुधार का नहीं था, बल्कि यह भी था कि आम नागरिक जो समस्या लेकर आए, उसे समाधान मिले। समाधान मिलेगा तो रैंकिंग में सुधार स्वत: ही हो जाएगा। नवंबर महीने में प्रयागराज को 140 में से 125 अंक प्राप्त हुए। 82.29 फीसदी अंक प्राप्त करने के साथ ही जिले को 32वीं रैंक मिली है। इस महीने में कुल 4112 शिकायतों पर फीडबैक लिए गए, जिसमें 2669 संतोषजनक फीडबैक रहा। जिसमें 64.91 फीसदी अंक प्राप्त हुए। वहीं फोन पर लिए गए फीडबैक में 4112 लोगों में 3400 ने बताया कि उनसे फीडबैक लिया गया। जबकि 712 ने कहा कि उनको कॉल नहीं की गई थी। आईजीआरएस रैंकिंग में सुधार का मुख्य कारण सभी का सामूहिक प्रयास रहा। उद्देश्य यही था कि आम नागरिक की समस्या को सबसे पहले दूर किया जाए। सभी अफसर व कर्मचारी इसी दिशा में आगे और काम करें, जिससे समस्या का तत्काल निस्तारण हो और आम नागरिक परेशान न हो। -मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


