निजी जमीन पर अब टीनशेड लगाना पड़ने लगा भारी
Prayagraj News - प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने निजी भूमि पर लगे टीनशेड तोड़ने की कार्रवाई शुरू की है। हाल ही में कलश चौराहे पर एक टीनशेड को बुलडोजर से तोड़ा गया। पीडीए का कहना है कि ये टीनशेड व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपयोग हो रहे थे, जबकि जमीनें व्यावसायिक नहीं थीं।
प्रयागराज। टीनशेड लगाकर निजी भूमि का उपयोग अब आसान नहीं रहा। प्रयागराज विकास प्राधिकरण निजी जमीन पर लगे टीनशेड तोड़ रहा है। पीडीए के दस्ते ने स्टैनली रोड स्थित कलश चौराहे पर एक और निजी जमीन पर टीनशेड रविवार को बुलडोजर लगाकर तोड़ दिया। इससे पहले पीडीए शहर में चार टीनशेड पर संचालित होने वाली व्यावसायिक गतिविधियों पर बुलडोजर चलाया है। एक टीनशेड सील किया था। कलश चौराहा पर तोड़े गए टीनशेड को लेकर भूस्वामी अधिवक्ता मनीष पांडेय ने बताया कि उन्होंने मानचित्र के लिए पीडीए में आवेदन क्या है। मानचित्र का शुल्क जमा किया है। उनकी जमीन फ्रीहोल्ड है। इसके बावजूद पीडीए का प्रवर्तन दल पुलिस के साथ पहुंचा और टीनशेड तोड़ दिया।
प्रवर्तन दल के साथ आए अधिकारी ने उनका पक्ष भी नहीं सुना। अधिवक्ता के अनुसार टीनशेड पर बुलडोजर चलने से उनका चैंबर भी टूट गया। कार्रवाई के संबंध में जोनल अधिकारी सूरज कुमार पटेल का कहना है कि टीनशेड के नाम पर जमीनों का व्यावसायिक उपयोग हो रहा है। अबतक तोड़े गए सभी टीनशेड में कोई न कोई व्यावसायिक गतिविधि पाई गई। जबकि कार्रवाई की जद में रही जमीनें व्यावसायिक नहीं थीं। पीडीए ने सबसे पहले दयानंद मार्ग पर टीनशेड में संचालित तीन रेस्तरां को तोड़ा था। दो दिन पहले पीडीए के दस्ते ने लाल बहादुर शास्त्री मार्ग स्थित रेस्तरां को सील किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




