
एसआईआर : मुख्य निर्वाचन अधिकारी जानेंगे अब तक की कार्यवाही
Prayagraj News - प्रयागराज में मतदाता सूची में सुधार के लिए एसआईआर प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीएलओ को प्रपत्रों को घर-घर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में 24 लाख से अधिक मतदाता हैं और अब तक 48 लाख से अधिक प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बैठक में कार्यवाही की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
प्रयागराज वरिष्ठ संवाददाता विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू होते ही अब बीएलओ को तत्काल प्रभाव से प्रपत्रों को घर-घर पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। उनसे प्रतिदिन की कार्यवाही की रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रयागराज जो कि विधानसभा क्षेत्रों में प्रदेश में सबसे बड़ा जिला है, बताया जा रहा है कि प्रपत्र पहुंचाने में जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। यहां दो दिनों में छह विधानसभा क्षेत्रों में प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं। सभी जगह इसकी क्या तैयारी है, इससे जानने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा गुरुवार शाम तीन बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग से बैठक लेंगे, उनके सामने अब तक की कार्यवाही को रखा जाएगा।

मतदाता सूची में सुधार के लिए एसआईआर की प्रक्रिया चार नवंबर से शुरू हो चुकी है। पहले दिन सोरांव और फाफामऊ में सभी प्रपत्र पहुंचाने के साथ ही प्रतापपुर में आधे प्रपत्र पहुंचाए गए थे। बुधवार को हंडिया, इलाहाबाद पश्चिमी और इलाहाबाद दक्षिणी विधानसभा में प्रपत्रों को पहुंचाया गया। इन छह विधानसभा क्षेत्रों की बात की जाए तो यहां पर कुल 24 लाख 41 हजार 792 मतदाता हैं। जहां दो-दो प्रपत्र प्रत्येक मतदाता को देने हैं। ऐसे में 48 लाख 83 हजार 584 प्रपत्रों का वितरण अब तक किया जा चुका हैं। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि प्रपत्र पूरी तरह से प्रकाशित हो चुके हैं, जिसे गुरुवार को सभी जगह पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि प्रपत्र मिलते ही तत्काल इसका वितरण शुरू कर दें, जिससे काम में किसी प्रकार का विलंब न हो। अपनी प्रतिदिन की रिपोर्ट सक्षम अधिकारी के सामने रखें। जिससे प्रतिदिन की स्क्रूटनी की जा सके। उन्होंने निर्देश दिया है कि निर्वाचन से जुड़ा काम होने के कारण यह प्राथमिकता बिंदु है। इस पर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो सकती है। गाइड लाइन के अनुसार ही काम किया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


