फ्लाइट लेट और रद्द से विदेश जाने वालों की धड़कनें तेज

फ्लाइट लेट और रद्द से विदेश जाने वालों की धड़कनें तेज

संक्षेप:

Prayagraj News - प्रयागराज एयरपोर्ट पर उड़ानों के लगातार रद्द होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर विदेश यात्रा करने वालों में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि उनकी टिकटें पहले से बुक होती हैं। यात्रियों ने एयरलाइंस और प्रशासन से स्थिति सुधारने की मांग की है।

Dec 10, 2025 05:33 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

प्रयागराज। प्रयागराज एयरपोर्ट पर बीते कई दिनों से उड़ानों के रद्द और विलंब होने का सिलसिला जारी है, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। सिर्फ शहर ही नहीं, आसपास के जिलों से आने वाले यात्री भी प्रभावित हो रहे हैं। सबसे ज्यादा चिंता विदेश यात्रा करने वालों में दिखाई दे रही है, जिनकी टिकटें महीने भर पहले बुक होती हैं और उड़ानों के रद्द होने की आशंका उनका तनाव बढ़ा रही है। मंगलवार को हैदराबाद की फ्लाइट रद्द होने से कई यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं। हालांकि इंडिगो ने कुछ यात्रियों को दिल्ली की फ्लाइट में समायोजित कर राहत दी। कौशाम्बी निवासी मोहम्मद जावेद को हैदराबाद से सऊदी अरब जाना था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उन्होंने बताया कि अचानक फ्लाइट रद्द होने से उनकी धड़कनें बढ़ गईं, लेकिन बाद में विमानन कंपनी की ओर से दिल्ली की फ्लाइट में स्थान मिलने से यात्रा जारी रख सके। इसी तरह कौशांबी से आए जमील को अबू धाबी जाना था। उन्होंने बताया कि घर से निकलते समय यही डर था कि कहीं फ्लाइट रद्द न हो जाए। सौभाग्य से उनकी दिल्ली की उड़ान समय पर रही। इसी तरह करेली के मोहम्मद कलाम मुंबई से प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने बताया कि लगातार विमान के रद्द होने से समस्या बढ़ गई है। हालांकि मंगलवार को मुंबई की फ्लाइट से 10 मिनट देरी से पहुंची। वहीं कीडगंज की सीबी श्रीवास्तव जो दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं, ने कहा कि लगातार उड़ानें रद्द होने से यात्रा अनिश्चित हो गई है और योजना बनाना मुश्किल हो रहा है। यात्रियों ने एयरलाइंस और प्रशासन से जल्द स्थिति सुधारने की मांग की है।