Prayagraj Airport Chaos Fighter Jet Emergency Landing Halts Flights भुवनेश्वर का विमान उड़ान भरने से पहले हुआ रद्द, परेशान हुए यात्री, Prayagraj Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsPrayagraj Airport Chaos Fighter Jet Emergency Landing Halts Flights

भुवनेश्वर का विमान उड़ान भरने से पहले हुआ रद्द, परेशान हुए यात्री

Prayagraj News - प्रयागराज एयरपोर्ट पर एक लड़ाकू विमान की एहतियाती लैंडिंग के कारण सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। यात्रियों में हड़कंप मच गया और अफरातफरी का माहौल बन गया। एयरलाइन ने यात्रियों को कुछ विकल्प दिए, लेकिन...

Newswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराजWed, 8 Oct 2025 11:05 AM
share Share
Follow Us on
भुवनेश्वर का विमान उड़ान भरने से पहले हुआ रद्द, परेशान हुए यात्री

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। प्रयागराज एयरपोर्ट पर मंगलवार को वायुसेना के एक लड़ाकू विमान की एहतियाती लैंडिंग के बाद सभी उड़ानें ठप कर दी गईं। दोपहर 12 बजे से लेकर देर रात तक एयरपोर्ट पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। भुवनेश्वर जाने वाले यात्री विमान में बैठ चुके थे और उड़ान भरने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक उड़ान रद्द होने की सूचना दी गई। इससे यात्री परेशान हो गए। मंगलवार सुबह 9 बजे हैदराबाद से 178 यात्री प्रयागराज पहुंचे थे। इसके बाद इसी विमान से 165 यात्री साढ़े 11 बजे प्रयागराज से हैदराबाद के लिए रवाना हुए। नई दिल्ली से बिलासपुर जाने वाली फ्लाइट में 70 यात्रियों ने सफर किया।

वहीं भुवनेश्वर से सुबह 9:40 बजे 77 यात्रियों को लेकर विमान प्रयागराज में उतरा। दोपहर तक कुल 488 यात्रियों की आवाजाही पूरी हो चुकी थी। इसके बाद भुवनेश्वर जाने वाले विमान में यात्री सीट बेल्ट बांध चुके थे, लेकिन ठीक 12 बजे अचानक उद्घोषणा की गई कि उड़ान रद्द की जा रही है। यात्रियों को विमान से उतरने को कहा गया तो वे भड़क उठे और एयरलाइन के खिलाफ नाराजगी जताई। दिल्ली, मुंबई के विमान प्रयागराज की जगह उतरे लखनऊ दोपहर 12:20 बजे दिल्ली से प्रयागराज आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को रनवे ब्लॉक होने की सूचना मिली। विमान को हवा में कुछ देर होल्ड कराने के बाद लखनऊ मोड़ दिया गया। लगभग सवा एक बजे विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा। यात्रियों को वहां से प्रयागराज भेजा गया। इसी तरह मुंबई से आने वाली उड़ान भी प्रयागराज की जगह लखनऊ में उतारी गई। वहीं, प्रयागराज से दिल्ली, मुंबई और भुवनेश्वर की उड़ानें रद्द कर दी गईं। उड़ानें रद्द, यात्रियों ने किया हंगामा दोपहर बाद प्रयागराज एयरपोर्ट पर सैकड़ों यात्रियों की भीड़ जुट गई। भुवनेश्वर, दिल्ली और मुंबई के करीब 400 से अधिक यात्री घंटों तक फंसे रहे। इस बीच एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों को तीन विकल्प दिए। पहला वे अपना टिकट कैंसिल कराकर पैसा वापस ले लें, दूसरा वाराणसी से दिल्ली या मुंबई की उड़ान लें और तीसरा आज की यात्रा स्थगित कर बुधवार को यात्रा कर लें। लेकिन अचानक रद्दीकरण से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा कर दिया। कई यात्री जमीन पर बैठे दिखे, महिलाएं और बुजुर्ग परेशान रहे। निजी गाड़ियों से कुछ यात्रियों को वाराणसी भेजा गया, मगर एक कार में पांच-छह लोगों को बैठाने पर यात्रियों ने आपत्ति जताई। नई दिल्ली जाने वाले कुछ यात्रियों ने वैकल्पिक साधन तलाशे। बाहर से आए यात्री लोविंट टैक्सी लेकर वाराणसी एयरपोर्ट निकल गए, जबकि नंद किशोर प्रयागराज जंक्शन पहुंचे और ट्रेन की जानकारी ली। कुछ यात्रियों ने कहा कि एयरलाइंस कंपनियों को पहले से रनवे बंदी की जानकारी मिल गई थी, ऐसे में उन्हें पहले से वैकल्पिक इंतज़ाम करना चाहिए था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।