देश में रामराज नहीं, गोडसे राज : प्रमोद तिवारी
Prayagraj News - प्रयागराज में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर हमला बोला, कहा कि देश में रामराज नहीं, बल्कि गोडसे राज चल रहा है। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भाजपा की उदासीनता की आलोचना की। तिवारी ने मनरेगा योजना के बंद होने को महात्मा गांधी की हत्या से जोड़ा और उसकी बहाली की मांग की।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश में आज रामराज नहीं, बल्कि गोडसे राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली अंग्रेजों की बांटो और राज करो नीति से अलग नहीं है। पार्टी को न तो महंगाई से मतलब है और न ही बेरोजगारी जैसे बुनियादी मुद्दों से। प्रमोद तिवारी माघ मेला क्षेत्र में आयोजित प्रदेश कांग्रेस सेवादल के विशेष समर्थ प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने देश की ग्रामीणों के लिए सबसे महत्वपूर्ण योजना मनरेगा को बंद कर एक बार फिर महात्मा गांधी की हत्या की है।
मनरेगा बंद होने से गांवों का विकास ठप हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस ने किसान बिल वापस कराने के लिए सरकार को विवश किया था, उसी तरह मनरेगा की बहाली के लिए भी सरकार को झुकना पड़ेगा। इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने वंदे मातरम की धुन के बीच ध्वजारोहण किया। प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पांडेय ने सेवादल के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय प्रकाश, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फुज़ैल हाशमी, सुधाकर तिवारी, गौरव पांडेय, किशोर वार्ष्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, मुकुंद तिवारी, तस्लीम उद्दीन, श्रीप्रकाश मिश्रा, संजय तिवारी आदि मौजूद रहे। समापन पर प्रमोद तिवारी ने सेवा दल के पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




