Prayagraj News: कल्याणी उपकेंद्र में केबल जला और खराब हुआ ट्रांसफॉर्मर
Prayagraj News: शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति कई घंटे बाधित रही। कबूतर के गिरने से 11 हजार वोल्ट की लाइन पर शॉर्ट सर्किट हुआ और कई जगह मरम्मत कार्य के कारण बिजली बंद रही। इसे दूर करने के बाद आपूर्ति फिर से बहाल की गई। कुछ क्षेत्रों में केबल जलने के चलते भी समस्या हुई।

Prayagraj News: विभिन्न इलाकों में बिजली का फाल्ट और मरम्मत के कारण शनिवार को कई घंटे आपूर्ति बाधित रही। कहीं 11 हजार वोल्ट की लाइन पर कबूतर गिरने से फीडर ट्रिप कर गया तो कहीं केबल जलने और मरम्मत कार्य के चलते बिजली बंद रही। लोहिया पांडे हाता के सामने मंदिर के पास शनिवार को 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन पर कबूतर गिरने से शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे 33 केवी मिंटो पार्क उपकेंद्र से जुड़ा सुलाकी फीडर ट्रिप कर गया। शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से कबूतर की मौके पर ही मौत हो गई। तकनीकी खामी दूर करने के बाद सुलाकी फीडर को सामान्य कर संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
धूमनगंज के सुलेमसराय, ताड़बाड़, शेरवानी समेत अन्य मोहल्लों में मरम्मत कार्य के कारण शनिवार दोपहर ढाई बजे से शाम पौने पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। कल्याणी देवी उपकेंद्र के मेरी ट्रांसफॉर्मर के पास केबल जल गया। इससे सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। केबल जलने से ट्रांसफॉर्मर का टर्मिनल भी अंदर से खराब हो गया। बाद में ट्राली ट्रांसफॉर्मर लगाकर शाम चार बजे आपूर्ति बहाल की गई। दरियाबाद में नया एलटी सर्किट बिछाने के कारण सुबह से शाम तक बिजली आपूर्ति बंद रही। दारागंज में शनिवार दोपहर साढ़े 12 बजे से शाम चार बजे तक एबीसी केबल बदलने का काम चला। इस दौरान क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही।


